सोनिया गांधी के नेतृत्व में महिलाओं के अधिकारों का समर्थन: अजय राय
सारांश
मुख्य बातें
लखनऊ, 15 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। महिला आरक्षण बिल को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। इस बीच, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने इस बिल का श्रेय अपनी पार्टी को देते हुए कहा कि वर्तमान सरकार महिलाओं के हितों के प्रति उदासीन है। वहीं, कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं और उनके अधिकारों को समर्थन दिया है।
महिला आरक्षण बिल का उल्लेख करते हुए यूपी कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि भाजपा इसके जरिए सिर्फ झूठ का प्रचार कर रही है, जबकि महिलाओं का असली सम्मान केवल कांग्रेस पार्टी करती है।
लखनऊ में राष्ट्र प्रेस से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की बात नहीं कर सकते। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं का सम्मान किया है। हमारी नेता सोनिया गांधी ने महिलाओं के सम्मान को बढ़ावा दिया है। देश की पहली महिला लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, पहली महिला राष्ट्रपति प्रतिभा देवी पाटिल और सोनिया गांधी जैसी महिलाएं कांग्रेस की उपलब्धि हैं।
अजय राय ने भाजपा पर आरोप लगाया कि यह अपने सहयोगी दलों को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि जहाँ-जहाँ भाजपा की सरकार बनी, उसने अपने सहयोगियों को बर्बाद कर दिया है। महाराष्ट्र में शिवसेना को तोड़ दिया, जबकि बिहार में नीतीश कुमार की जदयू को कमजोर किया।
उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ कोई कार्रवाई न होने के पीछे चुनाव आयोग के भाजपा के दबाव में काम करने का आरोप लगाया।
अजय राय ने यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पर साजिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि शंकराचार्य का जिस तरह से अपमान किया गया, वह बहुत दुखद है। यह भाजपा के अंदर ही रची जा रही साजिश है।