एपीएसएसबी भर्ती 2026: कांस्टेबल और अन्य 984 पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 23 मार्च से
सारांश
मुख्य बातें
इटानगर, 17 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। अरुणाचल प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड (एपीएसएसबी) ने विभिन्न विभागों में कुल 984 ग्रुप-सी पदों के लिए वर्दीधारी सेवा संयुक्त परीक्षा 2026 के तहत एक विशेष भर्ती अभियान की घोषणा की है।
एपीएसएसबी द्वारा जारी पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 23 मार्च को सुबह 11 बजे से शुरू होगी और आवेदन की अंतिम तिथि 10 अप्रैल को दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की गई है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन लिंक के सक्रिय होने के बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
एपीएसएसबी ने जिन 984 पदों के लिए वैकेंसी निकाली है, उनमें कांस्टेबल बैंड (आईआरबीएन) के 44, कांस्टेबल बगलर (आईआरबीएन) के 02, कांस्टेबल आईआरबीएन के 236, कांस्टेबल सिविल पुलिस (महिला) के 170, कांस्टेबल सिविल पुलिस (पुरुष) के 216, फायरमैन के 73 और एसटीपीएफ के अंतर्गत विशेष टाइगर गार्ड के 243 पद शामिल हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को मान्यता प्राप्त बोर्ड से कक्षा 10/मैट्रिक या समकक्ष उत्तीर्ण होना आवश्यक है। कांस्टेबल बैंड (आईआरबीएन) पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार को बैंड बजाने का ज्ञान होना चाहिए। इसी प्रकार, कांस्टेबल बिगुलर (आईआरबीएन) के लिए भी बिगुल बजाने का ज्ञान आवश्यक है।
उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम आयु 18 साल और अधिकतम आयु 22 से 32 साल के बीच निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 10 अप्रैल के अनुसार की जाएगी। आरक्षित वर्ग के कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन करना होगा, जो जनरल/ओबीसी के लिए 200 रुपए और एपीएसटी श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए 150 रुपए है। पीडब्ल्यूबीडी वर्ग के कैंडिडेट्स को आवेदन शुल्क में छूट दी गई है।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा, मेडिकल फिटनेस टेस्ट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, ट्रेड टेस्ट, फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (पीएसटी), और फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (पीईटी) के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित उम्मीदवारों की सैलरी 21,700 से 69,100 रुपए प्रति महीने होगी।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार को सबसे पहले अरुणाचल प्रदेश स्टाफ सिलेक्शन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। होमपेज पर जाकर जारी पद से संबंधित सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को सही ढंग से भरें। सभी आवश्यक डॉक्यूमेंट्स, फोटो और सिग्नेचर को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करें। फॉर्म चेक करके सबमिट कर दें और भविष्य के लिए एप्लीकेशन फॉर्म का प्रिंट आउट निकाल लें।
लिखित परीक्षा 10 मई को और पीईटी, पीएसटी व ट्रेड टेस्ट 25 मई को आयोजित होने की संभावना है।