असम में अगले 2-3 दिनों के लिए भारी बारिश का पूर्वानुमान, आईएमडी ने जारी की चेतावनी
सारांश
मुख्य बातें
गुवाहाटी, 20 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने असम में अगले 2-3 दिनों तक लगातार बारिश की संभावना व्यक्त की है। विभाग ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के लिए चेतावनी जारी की है।
गुवाहाटी स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पूर्वोत्तर असम और इसके आस-पास बने ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवातीय परिसंचरण एवं उत्तर-पूर्वी बांग्लादेश के ऊपर सक्रिय एक अन्य प्रणाली के कारण ऐसा मौसम बना हुआ है। इन दोनों सिस्टमों से आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में वृद्धि होने की संभावना है।
आईएमडी के अनुसार, असम के अधिकांश क्षेत्रों में मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही, 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आंधी-तूफान की भी आशंका जताई गई है।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण शहरी बाढ़, यातायात में बाधा और भूस्खलन की घटनाएं हो सकती हैं, विशेषकर निचले इलाकों और पहाड़ी क्षेत्रों में।
पिछले 24 घंटों में गुवाहाटी के कई क्षेत्रों में भारी बारिश हुई है। खानापारा में 215 मिमी से अधिक और गुवाहाटी विश्वविद्यालय एवं आस-पास के इलाकों में 100 मिमी से ज्यादा बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया है।
अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण जलभराव की समस्या बढ़ सकती है, सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है और पेड़ गिरने या बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने का खतरा भी बढ़ सकता है।
गुवाहाटी और आस-पास के क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने, रुक-रुक कर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। इस दौरान तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
प्राधिकरण ने जनता से अपील की है कि भारी बारिश के समय अनावश्यक यात्रा से बचें, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें और समय-समय पर जारी मौसम अपडेट और एडवाइजरी का पालन करें।
आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट पर रखा गया है और प्रशासन स्थिति पर निरंतर नजर रखे हुए है।