बिहार के एक करोड़ गरीब परिवारों को मिलेगा पक्का घर, सत्यापन प्रक्रिया हुई पूरी: मंत्री श्रवण कुमार
सारांश
Key Takeaways
- बिहार में एक करोड़ चार लाख गरीब परिवारों को पक्का घर मिलेगा।
- सत्यापन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है।
- सरकार ने 53 हजार 952 करोड़ रुपए खर्च किए हैं।
- यह योजना गरीबों के जीवन को बदलने में मददगार साबित हो रही है।
- लाभार्थियों को प्राथमिकता सूची के अनुसार आवास का लाभ मिलेगा।
पटना, 30 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। बिहार के गरीब परिवारों का एक सपना अब साकार होने जा रहा है, जिनका अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई जी) के तहत पक्के घर से वंचित रहना पड़ा।
बिहार ग्रामीण विकास विभाग ने आवास प्लस 2.0 के अंतर्गत नए लाभार्थियों का सर्वेक्षण और सत्यापन प्रक्रिया को पूरा कर लिया है। राज्य सरकार जल्द ही प्राथमिक सूची तैयार कर घरों के वितरण की प्रक्रिया आरंभ करेगी। विभाग के अधिकारियों के अनुसार, हाल ही में एक करोड़ चार लाख परिवारों का नाम प्रतीक्षा सूची में जोड़ा गया है और उनका सत्यापन भी संपन्न हो चुका है। लाभार्थियों को प्राथमिकता सूची के अनुसार आवास का लाभ मिलेगा।
2016-17 से 2021-22 के बीच, 36 लाख 61 हजार गरीब परिवारों को पक्का मकान मुहैया कराया गया है, जिससे बिहार ने पूरे देश में पहले स्थान पर अपनी स्थिति सुनिश्चित की है। 2021-22 से 2025-26 के बीच दो लाख 88 हजार 743 परिवारों को पक्का घर दिया गया है। इस तरह, 2016-17 से अब तक कुल 39 लाख 49 हजार 743 गरीब परिवारों को पक्के मकान का लाभ मिल चुका है।
इस योजना के क्रियान्वयन में सरकार ने 53 हजार 952 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। पीएम आवास योजना-ग्रामीण के तहत लाभार्थियों को अलग-अलग तीन किस्तों में एक लाख 54 हजार 950 रुपये की राशि प्रदान की जाती है। ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री श्रवण कुमार का कहना है कि पीएम आवास योजना से गरीबों के जीवन में तेजी से बदलाव आ रहा है। पक्का घर मिलने से लोगों का जीवन अधिक सुरक्षित और सम्मानजनक बना है। बिहार में गरीबों को जितना आवास दिया गया है, उतना अन्य किसी राज्य में नहीं है।
उन्होंने बताया कि एक करोड़ चार लाख से अधिक नए लाभार्थियों का नाम प्रतीक्षा सूची में जोड़ा गया है और सर्वे तथा सत्यापन का कार्य पूरा हो चुका है। सूची को स्वीकृति के लिए भारत सरकार को भेजा गया है। सूची की स्वीकृति के बाद आवास देने की प्रक्रिया तुरंत आरंभ की जाएगी।