बिहार में फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
सारांश
Key Takeaways
- फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ।
- पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
- गिरोह अवैध दस्तावेजों का निर्माण करता था।
- पुलिस अब अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
किशनगंज, 4 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। बिहार के सीमावर्ती किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र में फर्जी आधार कार्ड और अन्य नकली प्रमाण पत्र बनाने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने टेढ़ागाछ बलुआजगीर निवासी आरोपी मनोहर कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि यह एक अंतरराज्यीय गिरोह है। अब पुलिस घुसपैठियों के संपर्क में जांच करने की योजना बना रही है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के पास से 400 लोगों के नाम के अलग-अलग आधार कार्ड, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, एक लैपटॉप, एक मॉनिटर, थंब स्कैनर, फिंगरप्रिंट स्कैनर, लैपटॉप चार्जर, सीपीयू, पासबुक, एटीएम कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, खतियान, एक विद्यालय के प्रधानाध्यापक का मोहर, और एक सरपंच का मोहर जैसी कई चीजें बरामद की गई हैं।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, अवैध तरीके से आधार कार्ड बनाने की सूचना मिलने पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इसी दौरान सूचना मिली कि टेढ़ागाछ थानाक्षेत्र में एक किराना दुकान में नकली प्रमाण पत्र बनाए जा रहे हैं। इस सूचना के आधार पर, प्रभारी पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने टीम को बुलजागीर वार्ड नंबर-पांच स्थित किराना दुकान में छापेमारी करने का निर्देश दिया।
इस छापेमारी में बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक का पासबुक, बैंक का मोहर, सरपंच का लेटरपैड, राशन कार्ड, जाति, आवासीय, आय, जन्म प्रमाण पत्र और शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की छाया प्रति बरामद की गई।
इस मामले में किराना दुकानदार मनोहर कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि आरोपी ने फर्जी मोहर का प्रयोग करके बड़े पैमाने पर जाली दस्तावेजों के जरिए विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनाते थे और उन प्रमाण पत्रों को किसी अन्य व्यक्ति का आधार आईडी और क्लोन थंब इम्प्रेशन का उपयोग करके आधार एनरोलमेंट क्लाइंट सॉफ्टवेयर में अपलोड कर अवैध रूप से आधार कार्ड बनाते थे।
पुलिस अब इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।