क्या बिहार जिस गति से आगे बढ़ रहा है, वह जारी रहेगा? ललन सिंह का बयान
सारांश
मुख्य बातें
पटना, 15 नवंबर (राष्ट्र प्रेस)। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली ऐतिहासिक जीत पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) ने जनता का आभार व्यक्त किया।
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) ने कहा कि बिहार की जनता ने विकास पर विश्वास जताया है, बार-बार प्रगति और विकास के प्रति अपनी आस्था दिखाई है। जनता को भरोसा है कि हमारा बिहार विकसित होगा, विकसित प्रदेशों की सूची में बिहार का नाम होगा, इसलिए बिहार की जनता ने इतना प्रचंड बहुमत प्रदान किया है। यह सरकार बिहार के विकास पर ध्यान केंद्रित करती रही है और इसे आगे भी तेज गति से बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने महागठबंधन के बारे में कहा कि उनकी हार निश्चित थी, क्योंकि उनके पास सही नेतृत्व नहीं है। जो लोग यह दावा करते हैं कि वे देश चला सकते हैं, उन्हें राष्ट्र की सही समझ नहीं है, और जो राज्य चलाने का दावा करते हैं, उन्हें शासन की आवश्यकताओं का ज्ञान नहीं है। ऐसे में हार निश्चित थी।
एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर ललन सिंह ने शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पद के लिए कोई वैकेंसी नहीं है। बिहार की जनता ने सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास के लिए भारी जनादेश दिया है। बिहार जिस गति से आगे बढ़ रहा है, वह जारी रहेगा और यह सरकार विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाती रहेगी।
ललन सिंह ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिहार के अगले मुख्यमंत्री पद की शपथ नीतीश कुमार लेंगे। उन्होंने कहा कि सीएम के लिए कोई वैकेंसी खाली नहीं है।
बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए में शामिल राजनीतिक दलों ने शानदार प्रदर्शन किया। भाजपा ने सबसे ज्यादा सीटें जीतकर पहले स्थान पर रही। दूसरे स्थान पर जदयू और तीसरे स्थान पर लोजपा (रामविलास) है.