क्या दिल्ली में सीएम रेखा गुप्ता ने भगवान श्री जगन्नाथ का रथ खींचा?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 22 जून (राष्ट्र प्रेस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को कमला नगर में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा में भागीदारी की। इस पवित्र आयोजन का हिस्सा बनना सीएम के लिए गर्व की बात थी। उन्होंने कहा कि यह धार्मिक अनुष्ठान समाज कल्याण का एक दिव्य माध्यम है।
सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर इस आयोजन में शामिल होने की खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कमला नगर में हमारे गीता भवन पंचायती भवन द्वारा पिछले 20 वर्षों से हजारों भक्तों के साथ यह सुंदर जगन्नाथ यात्रा निर्बाध रूप से आयोजित की जा रही है।
सीएम ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, "जय जगन्नाथ। भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा जी के श्रीचरणों में कोटि-कोटि नमन। दिल्ली के कमला नगर में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ जी की पावन रथ यात्रा में सहभागी बनकर मन और आत्मा को अद्भुत शांति, ऊर्जा और आनंद की अनुभूति हुई। रथ खींचना केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रभु की सेवा और समाज कल्याण का एक दिव्य माध्यम है, जो हमें आत्मिक शुद्धता और सच्चे कर्तव्य पथ की ओर अग्रसर करता है। यह अलौकिक रथ यात्रा भारत की सांस्कृतिक एकता, सामाजिक समरसता और सनातन परंपराओं की अद्वितीय शक्ति का प्रतीक है। मैं महाप्रभु से प्रार्थना करती हूं कि वे हम सभी को संयम, सेवा और राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर आगे बढ़ने की शक्ति और संकल्प प्रदान करें।"
रविवार को सीएम ने अशोक विहार के महाराजा अग्रेसन भवन में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। इस दौरान सीएम ने उपस्थित लोगों को योग के महत्व के बारे में बताया।
सीएम ने कहा कि हमें अपने स्वास्थ्य का भी उसी तरह ध्यान रखना चाहिए, जैसे हम अपने काम के प्रति सजग रहते हैं। कुछ भी हो जाए, हमें इस शरीर की सेवा में आधा घंटा देना चाहिए। हर हाल में हमें खुद को फिट रखना है। भगवान ने हमें यह शरीर दिया है, इसलिए हमारी नैतिक जिम्मेदारी है कि हम इसका ख्याल रखें और नियमित रूप से योग का अभ्यास करें। इससे हमें बहुत लाभ होगा। हम कभी बीमार नहीं होंगे और बीमारी भी नहीं लगेगी। सीएम ने कहा कि मैं चाहती हूं कि पूरी दिल्ली स्वस्थ रहे, अच्छे स्वास्थ्य को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, और सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं।