क्या कीर्ति नगर पुलिस ने चोरों को पकड़ा और 43 हजार रुपए नकद बरामद किए?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (राष्ट्र प्रेस)। दिल्ली के कीर्ति नगर थाना की पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की गई 43 हजार रुपए की नकदी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, ये चोर रिहायशी इलाकों में दिनदहाड़े चोरी करते थे और शक से बचने के लिए मोबाइल फोन पर बातचीत करने का नाटक करते थे।
3 अक्टूबर को कीर्ति नगर थाना में मानसरोवर गार्डन क्षेत्र में एक घर में ताला तोड़कर चोरी की शिकायत मिली थी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए, इंस्पेक्टर संजीव ढोडी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने घटनास्थल और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें दो संदिग्ध व्यक्ति चोरी के स्थान से बाहर निकलते हुए दिखाई दिए। तकनीक और सीसीटीवी कैमरों की मदद से एक संदिग्ध की पहचान हुई।
पहचान के बाद, आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की गई, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद मुखबिर और तकनीकी निगरानी के माध्यम से, मुख्य आरोपी शेख मुमताज को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इसे जहांगीरपुरी से पकड़ा। इसके बाद उसकी निशानदेही पर उसके सहयोगी जय सिया राम उर्फ टिंकू को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों ई-रिक्शा चालक हैं और कई थानों में उनके खिलाफ मामले दर्ज हैं।
पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि वे बंद घरों को निशाना बनाते थे और चोरी के बाद नकदी आपस में बांट लेते थे। चोरी के गहने वे दिलावर नामक व्यक्ति को बेचते थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए, वे लगातार अपने ठिकाने बदलते रहते थे और स्थायी पते पर नहीं रहते थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 43 हजार रुपए नकद और अपराध के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। शेष चोरी के आभूषणों की तलाश जारी है।