क्या दीपावली पर गौतमबुद्धनगर में अग्निशमन विभाग अलर्ट है?
सारांश
मुख्य बातें
नोएडा, 20 अक्टूबर (राष्ट्र प्रेस)। दीपावली के इस खास अवसर पर गौतमबुद्धनगर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अग्निशमन विभाग ने पूरी तरह से तैयारी कर ली है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे के निर्देशन में जिले में व्यापक तैनाती और संसाधनों की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
जिले में कुल 12 फायर स्टेशन कार्यरत हैं, जिनमें फेज वन, फेज टू, फेज थ्री, सेक्टर-58, एक्सप्रेसवे, सूरजपुर (ग्रेटर नोएडा), नॉलेज पार्क, ईकोटेक प्रथम, ईकोटेक तृतीय, जेवर, दादरी और गौर सिटी शामिल हैं।
इस समय 247 अग्निशमनकर्मी विभिन्न शिफ्टों में तैनात रहेंगे। फायर विभाग द्वारा जारी किए गए योजना के अनुसार सभी उपकरण और वाहन तैयार हैं। अग्निशमन विभाग ने सभी उपकरणों की कार्यक्षमता की जांच पूरी कर ली है। वाहन में फोम टेंडर: 1, वाटर बाउजर: 5, बड़ा वाटर टेंडर: 1 और छोटा वाटर टेंडर: 2 उपलब्ध हैं। इसके अलावा, सभी प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर स्टैंडबाय फायर टेंडर और बाइक यूनिट्स तैनात की गई हैं।
फायर विभाग ने कई स्थानों पर विशेष पिकेट ड्यूटी लगाई है, जिनमें अट्टा मार्केट, टॉयट मॉल सेक्टर-62, ग्राम नवादा, ममूना, सरफाबाद, तुगलपुर और एच्छर जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फायर बाइक और एक्सटिंग्यूशर यूनिट्स तैनात की गई हैं।
आतिशबाजी स्थलों पर भी 1-1 फायर टेंडर लगाया गया है। फायर विभाग ने बताया है कि पिछले 3 वर्षों के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023 में 1,123 आग की घटनाएं और 150 रेस्क्यू किए गए थे। वर्ष 2022 में 1,514 घटनाएं और 278 रेस्क्यू किए गए थे। वर्ष 2021 में 1,368 घटनाएं और 264 रेस्क्यू किए गए थे।
इन आंकड़ों के आधार पर दीपावली के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। फायर विभाग की तरफ से जनता से अपील की गई है कि ‘सुरक्षित दीपावली, खुशहाल दीपावली’ मनाएं। पटाखे खुले स्थानों पर ही जलाएं, बच्चों को निगरानी में रखें, बिजली की सजावट में ओवरलोडिंग न करें, पानी की बाल्टी या अग्निशामक यंत्र साथ रखें और किसी घटना की स्थिति में 101 या 112 पर तुरंत संपर्क करें।