हरियाणा राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस ने पांचवें विधायक को जारी किया नोटिस, क्रॉस वोटिंग की जांच जारी
सारांश
Key Takeaways
- कांग्रेस ने पांचवें विधायक को नोटिस भेजा है।
- क्रॉस वोटिंग के आरोपों की जांच चल रही है।
- राज्यसभा चुनाव में 88 विधायकों ने मतदान किया।
- भाजपा और कांग्रेस ने एक-एक सीट जीती।
- चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठाए गए हैं।
चंडीगढ़, 20 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। हरियाणा में संपन्न राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के मुद्दे पर कांग्रेस ने पांचवें विधायक को भी नोटिस भेजा है। रतिया से कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह को कांग्रेस की अनुशासन समिति द्वारा यह नोटिस जारी किया गया है। इससे पहले, हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी बीके हरीप्रसाद ने क्रॉस वोटिंग में शामिल चार विधायकों—रेणु बाला, शैली चौधरी, मोहम्मद इलियाज और मोहम्मद इजराइल—के नाम सार्वजनिक किए थे।
गौरतलब है कि हरियाणा में हुए राज्यसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने एक-एक सीट जीती थी। इस चुनाव के दौरान वोटिंग की गोपनीयता का उल्लंघन और क्रॉस वोटिंग की कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं। भाजपा के संजय भाटिया और कांग्रेस के करमवीर बौद्ध ने चुनाव में जीत दर्ज की, जबकि भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल हार गए।
राज्यसभा चुनाव में 88 विधायकों ने मतदान किया था। इंडियन नेशनल लोकदल के दो विधायक अर्जुन चौटाला और आदित्य देवीलाल वोटिंग में शामिल नहीं हुए। 90 सदस्यों वाली विधानसभा में भाजपा के पास 48 सीटें, कांग्रेस के पास 37 सीटें, इंडियन नेशनल लोकदल के पास 2 सीटें और निर्दलीय उम्मीदवारों के पास 3 सीटें हैं।
जब वोटों की गिनती समाप्त हुई तो दोनों पार्टियों के नेता अपने-अपने उम्मीदवारों की जीत का दावा करने लगे। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर चुनाव की निष्पक्षता में हस्तक्षेप का आरोप लगाया था। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त से अनुरोध किया कि नतीजों की घोषणा से पहले वे पार्टी के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करें।
कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने हरियाणा में पार्टी की जीत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विधायकों को बधाई दी थी और कहा था कि पार्टी को पहले से जीत का विश्वास था और इस विश्वास के साथ चुनाव लड़ा गया था।