कंगना रनौत ने 'फैशन' फिल्म के कारण झेला मानसिक तनाव, मिली राष्ट्रीय पुरस्कार
सारांश
Key Takeaways
- कंगना रनौत का संघर्ष और सफलता की कहानी
- फिल्म 'फैशन' ने उन्हें पहला राष्ट्रीय पुरस्कार दिलाया
- मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा
- किरदार के लिए गहन तैयारी की गई
- फिल्म ने फैशन ब्रांड को प्रमोट किया
मुंबई, 22 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। बॉलीवुड की 'क्वीन' कंगना रनौत की गूंज आज सिनेमाई पर्दे से लेकर देश की संसद तक सुनाई देती है। एक बहुमुखी अभिनेत्री के साथ-साथ कंगना अब एक सजग सांसद की भूमिका भी निभा रही हैं।
हिमाचल प्रदेश के एक छोटे से गांव से निकलकर मायानगरी मुंबई के शिखर तक पहुंचने का कंगना का सफर कड़े संघर्षों की कहानी है। बहुत कम लोग जानते हैं कि जिस फिल्म ने उन्हें पहला राष्ट्रीय पुरस्कार दिलाया, उसी के फिल्मांकन के दौरान वे गहरे मानसिक तनाव और घुटन का शिकार हो गई थीं। आज, 23 मार्च को कंगना रनौत के जन्मदिन के अवसर पर, आइए जानते हैं उनकी फिल्म 'फैशन' से जुड़े कुछ अनसुने किस्से।
कंगना ने फिल्म 'फैशन' में काम करने से इसलिए मना किया था क्योंकि फिल्म में उनका रोल बहुत छोटा था, लेकिन उस समय बतौर लीड एक्ट्रेस काम नहीं मिलने के कारण उन्होंने फिल्म के लिए 'हां' कर दी। हालांकि, इस फिल्म की वजह से वे डिप्रेशन का शिकार हो गईं।
कंगना ने एक इंटरव्यू में बताया था कि 'सोनाली' का किरदार निभाना उनके लिए डरावना था क्योंकि उस समय वह खुद भी इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रही थीं। फिल्म में जो रैंप वॉक वाला सीन है, जहां वह गिर जाती हैं, उसे परफेक्ट बनाने के लिए उन्होंने घंटों रिहर्सल की थी। मधुर भंडारकर ने कहा था कि कंगना ने उस किरदार के 'डिप्रेशन' को इतना गंभीरता से लिया कि वह सेट पर भी अक्सर चुप और उदास रहती थीं। इसी फिल्म के लिए उन्हें अपना पहला नेशनल अवार्ड मिला।
'सोनाली' का किरदार एक नशे से ग्रस्त लड़की का था, जिसे न तो फेम मिल पा रहा था और न ही काम। कंगना ने इस फिल्म में नशे से जुड़े कई सीन्स दिए और उन्हें परफेक्ट बनाने के लिए वे कोकीन एडिक्ट लोगों से मिलीं। हालांकि फिल्म के रिलीज के बाद उन्होंने महसूस किया कि फिल्म के जरिए उन्होंने मैगजीन और अंतर्राष्ट्रीय फैशन ब्रांड को बढ़ावा दिया और एयरपोर्ट लुक कल्चर को भी प्रमोट किया।
इन सभी चीजों के कारण कंगना को मानसिक दबाव भी झेलना पड़ा था। हालांकि 'सोनाली' के किरदार के लिए उन्हें बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का नेशनल अवार्ड भी मिला था, जिसने उनके करियर को फिर से संजीवनी दी। खुद कंगना ने कहा था कि नेशनल अवार्ड मिलने के बाद उन्हें इंडस्ट्री के कई बड़े लोगों ने फोन किया था।