क्या धोनी के शहर में कोहली का जादू चला?
सारांश
मुख्य बातें
रांची, 30 नवंबर (राष्ट्र प्रेस)। धोनी के शहर में रविवार को विराट कोहली का ऐसा जादू चला कि पूरे रांची में उत्साह का माहौल बना रहा। जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे के दौरान ऐसा लगा मानो पूरा स्टेडियम विराट के नाम पर ही बस सांस ले रहा हो। उनके हर चौके और छक्के के साथ 'कोहली… कोहली…' की गूंज आसमान तक पहुंचती रही।
इस स्टार बल्लेबाज ने 135 रनों की शानदार पारी खेलते हुए अपना 52वां वनडे शतक पूरा किया। कोहली ने किसी एक फॉर्मेट में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने वाले बल्लेबाज बनकर सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दर्शकों के उत्साह का आलम यह था कि एक युवा फैन सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए पिच तक पहुंच गया और कोहली के पैरों पर गिरकर दंडवत हो गया।
कुछ क्षणों के लिए मैदान में सन्नाटा छा गया। सुरक्षाकर्मी तुरंत हरकत में आए, कैमरों का फोकस उस पर टिक गया, और दर्शकों की धड़कनें थम गईं। रोहित शर्मा (57) और लोकेश राहुल (60) की शानदार बल्लेबाजी का भी दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया। मैच से पहले ही स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ उमड़ने से अफरातफरी का माहौल बना रहा। हजारों लोग घंटों पहले ही गेट पर जमा हो गए थे।
भीड़ के दबाव के चलते प्रवेश द्वारों पर धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हुई, जिससे कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया। पुलिस और सुरक्षा बलों को व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त जवान तैनात करने पड़े। हरमू बाईपास, बिरसा चौक, और आसपास की सभी सड़कें घंटों जाम रहीं।
स्टेडियम पहुंचने वाले फैंस तिरंगे में लिपटे, चेहरों पर पेंट लगाए और हाथों में कोहली की जर्सी थामे नाचते-गाते नजर आए। उनके चेहरों पर एक ही चमक थी, अपने स्टार को खेलते देखने की खुशी। रांची ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यहां क्रिकेट केवल एक खेल नहीं, बल्कि जुनून और भावनाओं की धड़कन है, और जब क्रीज पर विराट कोहली जैसी प्रतिभा हो, तो यह जुनून अपने चरम पर पहुंच जाता है।