क्या ममता बनर्जी के दिमाग पर जिहादियों का कब्जा है? - मुख्तार अब्बास नकवी
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 30 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने मंगलवार को बयान दिया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के दिमाग पर जिहादियों का नियंत्रण है। यह टिप्पणी ममता बनर्जी के महाकाल मंदिर निर्माण की घोषणा के बाद हुई।
ममता बनर्जी ने सोमवार को ऐलान किया था कि जनवरी के दूसरे सप्ताह में राज्य के सबसे बड़े महाकाल मंदिर की आधारशिला रखी जाएगी।
नकवी ने नई दिल्ली में राष्ट्र प्रेस से बातचीत में ममता को सलाह दी कि उन्हें अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि जाना चाहिए। उन्होंने कहा, "उनके मन में कुछ चरमपंथी तत्वों का जो असर है, वह शायद थोड़ा ठीक हो जाए। आप कब तक ऐसे बयान देती रहेंगी? आपके बयानों से साफ है कि आप कन्फ्यूज हैं। जिहादी लोगों के प्रभाव के कारण आप खुद को बर्बाद करने की सोच रही हैं।"
बीएमसी चुनाव पर उन्होंने कहा कि जनता पीएम मोदी के नेतृत्व में सभी चुनावों में उत्साह से जनादेश दे रही है। जनता को विश्वास है कि मोदी के नेतृत्व में विकास हो रहा है। जो लोग समझते हैं कि मोदी की मेहनत को खत्म कर देंगे, उन्हें यह समझना चाहिए कि मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास पर जनता का भरोसा है। इंडी अलायंस के लोग हार की हताशा में केवल हंगामा कर रहे हैं।
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निधन पर उन्होंने कहा कि यह बहुत दुखद है। ऐसे समय में जब बांग्लादेश के लोग उत्पीड़न का सामना कर रहे हैं, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसा नेतृत्व अब उनके बीच नहीं रहा। मैं उनके परिवार और बांग्लादेश के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।
नए साल के जश्न के संबंध में मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी के बयान पर नकवी ने कहा कि जो लोग फतवों और नारों की दुकान लेकर घूमते हैं, उन्हें कोई गंभीरता से नहीं लेता। फिर भी वे बकवास करते रहते हैं। बरेली के मौलाना रजवी ने कहा है कि 31 दिसंबर की रात लोग अक्सर शोर-शराबा, नाच-गाना और फिजूलखर्ची करते हैं, जो शरीयत के अनुसार गलत है। मुसलमानों को नए साल के जश्न से दूरी रखनी चाहिए।
मौलाना अरशद मदनी के बयान पर नकवी ने कहा कि उन्हें समझना चाहिए कि भारत इकलौता देश है जहां दुनिया के तमाम मुसलमान रहते हैं। भारत में अल्पसंख्यकों के सामाजिक-आर्थिक अधिकार सबसे सुरक्षित हैं। किसी के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। भारत विरोधी ताकतें बकवास करती रहती हैं, लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।
पश्चिम बंगाल में एसआईआर स्पेशल ऑब्जर्वर की कार पर हुए हमले पर भाजपा नेता ने कहा कि उन्होंने देखा है कि पूरे पश्चिम बंगाल में कानून तोड़ने वाले तत्वों और देश विरोधी ताकतों ने सरकारी मशीनरी को हाईजैक कर लिया है। सरकार को इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।