क्या पूरा देश भगवान राम के साथ खड़ा है? : अजय राय
सारांश
मुख्य बातें
वाराणसी, 2 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर के भगवान राम के संबंध में दिए बयान पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
अजय राय ने शुक्रवार को समाचार एजेंसी राष्ट्र प्रेस से बातचीत में कहा कि पूरा देश भगवान राम के साथ खड़ा है। भगवान राम सभी के दिलों में निवास करते हैं। इसमें किसी को भी शक नहीं होना चाहिए। इस तरह के बयान देकर अब लोग भगवान का भी बंटवारा करने पर उतारू हो चुके हैं। लेकिन, हमें यह समझना होगा कि नर में नारायण रहते हैं। इसका मतलब स्पष्ट है कि भगवान राम सभी के दिलों में हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भगवान राम का आशीर्वाद हर किसी को प्राप्त है। इसमें किसी को भी संदेह नहीं होना चाहिए। अफसोस की बात है कि अब लोग भगवान का भी विभाजन कर रहे हैं। यह स्थिति अत्यंत दुखद है।
इसके साथ ही, अभिनेता शाहरुख खान की टीम द्वारा बांग्लादेश के खिलाड़ी को खरीदने के बाद उठे विवाद पर भी अजय राय ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि जो लोग शाहरुख खान पर सवाल उठा रहे हैं, उनसे मैं पूछना चाहूंगा कि शेख हसीना को किसने शरण दिया? शेख हसीना कहाँ हैं? इस पर भी देवकीनंदन ठाकुर जी को अपनी प्रतिक्रिया देनी चाहिए।
दुष्कर्म आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर की बेटी द्वारा किए गए क्षत्रिय सम्मेलन पर भी अजय राय ने कहा कि रेप पीड़िता भी क्षत्रिय समाज से ही आती है। फर्क सिर्फ इतना है कि रेप पीड़िता गरीब परिवार से है, जबकि आरोपी अमीर क्षत्रिय है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने खुद कहा था कि एक दिन ऐसा भी आएगा जब हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति हवाई जहाज में सफर करेगा। अब यह देखने की ज़रूरत है कि क्या सच में हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति हवाई जहाज में यात्रा कर रहा है।