मध्य प्रदेश में घरेलू गैस आपूर्ति का प्रबंधन: 1825 सिलेंडर जब्त
सारांश
Key Takeaways
- मध्य प्रदेश में 1825 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
- गैस कंपनियों ने डिजिटल माध्यम से बुकिंग की सुविधा दी है।
- अवैध जमाखोरी के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई कर रहा है।
- गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की निरंतर निगरानी की जा रही है।
- प्रदेश में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
भोपाल, 16 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। मध्य प्रदेश में उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जबकि कालाबाजारी को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। राज्य में रविवार को 1,20,000 गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की गई, जबकि 1825 सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
गैस आपूर्ति की निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को गैस कंपनियों के साथ हुई बैठक में अपर मुख्य सचिव खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण रश्मि अरूण शमी ने सिलेंडर वितरण की प्रक्रिया को सुचारू रखने और घरेलू उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि कंपनियों ने गैस बुकिंग के लिए मोबाइल एप, एसएमएस, व्हाट्सएप और आईवीआरएस कॉल की सुविधा उपलब्ध कराई है। उपभोक्ताओं से अनुरोध किया गया है कि वे डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करें और अनावश्यक रूप से एजेंसी पर जाने से बचें।
यह भी बताया गया कि 15 मार्च को अवकाश के बावजूद तीनों गैस कंपनियों ने लगभग 1,20,000 घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की।
गैस एजेंसियों के संचालन, सिलेंडर वितरण की समयबद्धता और उपभोक्ताओं से मिली शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की गई। सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि सूचना तंत्र को मजबूत करें और अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करें। अगर वितरण में कोई अनियमितता या विलंब की शिकायत मिलती है, तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी ताकि उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिले।
प्रदेश में एलपीजी की कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। 1116 स्थानों पर कार्रवाई कर 1825 सिलेंडर जब्त किए गए और 8 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई।
पेट्रोल, डीजल, सीएनजी, पीएनजी और घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राज्य स्तर पर 6 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है, जो प्रदेश में वाणिज्यिक और घरेलू गैस सिलेंडर की सुचारू आपूर्ति की निरंतर निगरानी करेगी।
औद्योगिक और वाणिज्यिक संस्थाओं से अनुरोध किया गया है कि वे उपलब्धता के अनुसार पीएनजी के कनेक्शन लें। पीएनजी की आपूर्ति निरंतर बनी हुई है और आगे भी जारी रहेगी।
ऑयल कंपनी के स्टेट नोडल ऑफिसर अजय श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल, घरेलू पीएनजी और सीएनजी की पर्याप्त उपलब्धता है। साथ ही गैस सिलेंडर का भी पर्याप्त स्टॉक है। प्रदेश के बॉटलिंग प्लांट और वितरकों के गोदाम में पर्याप्त सिलेंडर उपलब्ध हैं।