क्या एनसीआर में मौसम ने बदला मिजाज? येलो अलर्ट का असर क्या है?
सारांश
मुख्य बातें
नोएडा, 6 अक्टूबर (राष्ट्र प्रेस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। रविवार रात से आकाश में काले बादल छा गए हैं और हल्की बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलने लगी हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 6 अक्टूबर के लिए एनसीआर और आस-पास के क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार, दिनभर विभिन्न समयों पर हल्की से मध्यम बारिश एवं तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी। पूर्वानुमान के अनुसार, सुबह से लेकर रात तक बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि सुबह, दोपहर, शाम और रात, चारों समय पर बारिश के साथ आंधी-तूफान का असर रहेगा। 6 अक्टूबर को अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है। वहीं, नमी का स्तर 70 से 93 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। मौसम ठंडा और उमस भरा भी रहेगा। तेज हवाओं और बारिश के कारण यातायात पर असर पड़ सकता है। कई स्थानों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है।
बिजली गिरने की संभावना को ध्यान में रखते हुए खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 7 अक्टूबर को भी बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, इसके बाद 8 अक्टूबर से मौसम साफ होना शुरू होगा और 9 से 11 अक्टूबर तक आकाश मुख्य रूप से साफ रहेगा। इस दौरान दिन का तापमान 32 से 33 डिग्री और रात का तापमान 21 डिग्री के आसपास रहेगा।
अक्टूबर की शुरुआत में एनसीआर में बारिश ने लोगों को अचानक ठंडक का एहसास करा दिया है। हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक तीन से चार दिनों में ही स्थिति फिर सामान्य हो जाएगी।