किशनगंज में सीएम नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा: 122 योजनाओं का उद्घाटन
सारांश
Key Takeaways
- 122 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया।
- ठाकुरगंज बाइपास सड़क का निरीक्षण और कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई।
- जीविका दीदियों को आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया।
पटना, 11 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी समृद्धि यात्रा के अंतर्गत अररिया के बाद किशनगंज में कदम रखा, जहाँ उन्होंने कई योजनाओं का निरीक्षण किया।
इस मौके पर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ठाकुरगंज प्रखंड के चूरली ग्रिड उपकेंद्र परिसर में आयोजित कार्यक्रम से रिमोट के माध्यम से किशनगंज जिले के लिए 133 करोड़ रुपए की लागत से 73 योजनाओं का शिलान्यास और 102 करोड़ रुपए की लागत से 49 योजनाओं का उद्घाटन किया।
सीएम ने ठाकुरगंज प्रखंड के धर्मकांटा चौक के निकट बन रहे ठाकुरगंज बाइपास सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाइपास का निर्माण कार्य समय सीमा के भीतर और बेहतर तरीके से पूरा किया जाए, ताकि आवागमन सुगम बने और जाम की समस्या से राहत मिले।
मुख्यमंत्री ने यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं की प्रगति के बारे में जानकारी लेते हुए कार्यों को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने चूरली में बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड द्वारा निर्मित ग्रिड उपकेंद्र का भी जाया किया।
निरीक्षण के दौरान, उन्होंने ग्रिड उपकेंद्र के नियंत्रण कक्ष का अवलोकन किया और जीविका दीदियों एवं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी जायजा लिया। उन्होंने जीविका दीदियों की सराहना की और कहा कि आप लोग इसी तरह काम करते रहें।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 13,375 जीविका स्वयं सहायता समूह को बैंक लिंकेज से 2 अरब 42 करोड़ 64 लाख रुपये का आर्थिक सहयोग, 2,556 जीविका स्वयं सहायता समूह को सामुदायिक निवेश निधि के तहत 21 करोड़ 23 लाख 20 हजार रुपये और 256 सतत् जीविकोपार्जन योजना के लाभार्थियों को 2 करोड़ 22 लाख 30 हजार रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, उद्योग एवं पथ निर्माण मंत्री दिलीप जायसवाल, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमा खान, और ठाकुरगंज के विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।