क्या पिस्ता की डाइट से त्वचा में निखार और दिल की सेहत संभव है?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 11 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। सर्दियों में त्वचा अक्सर रूखी, बेजान और निखारहीन हो जाती है। महंगी क्रीम, फेस पैक और ब्यूटी ट्रीटमेंट के बावजूद चेहरे पर वह चमक नहीं लौटती, जिसकी हर कोई चाहत करता है। लेकिन छोटे से पिस्ता का रोजाना सेवन न केवल त्वचा में निखार लाता है, बल्कि यह दिल को भी स्वस्थ रखता है।
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने पिस्ता के दैनिक सेवन से होने वाले फायदों का उल्लेख करते हुए इसे डाइट में शामिल करने की सलाह दी है। पिस्ता न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि यह त्वचा और शरीर के लिए एक प्राकृतिक खजाना है। विशेषज्ञों के अनुसार, पिस्ता में विटामिन-ई की भरपूर मात्रा होती है। यह विटामिन त्वचा को गहराई से पोषण देता है, नमीरूखेपन को समाप्त करता है। इसके अलावा, इसमें मौजूद शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट फ्री रेडिकल्स से लड़ते हैं, जिससे झुर्रियां, फाइन लाइन्स और समय से पहले बूढ़ा दिखने की समस्या काफी हद तक कम हो जाती है।
नियमित सेवन से त्वचा मुलायम, चमकदार और जवां बनी रहती है। पिस्ता के लाभ केवल त्वचा तक सीमित नहीं हैं। यह बालों के लिए भी बहुत फायदेमंद है। इसमें मौजूद बायोटिन और प्रोटीन बालों का झड़ना रोकते हैं और उन्हें मजबूत व चमकदार बनाते हैं। पिस्ता कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने में मदद करता है, जिससे दिल स्वस्थ रहता है। इसमें भरपूर फाइबर होता है, जो भूख को कंट्रोल करता है और वजन संतुलित रखने में सहायक है।
इसके अतिरिक्त, पिस्ता में जिंक और विटामिन बी6 की अच्छी मात्रा होती है, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाती है और आंखों की सेहत के लिए भी फायदेमंद है। इसमें ल्यूटिन और जियाजैंथिन जैसे तत्व होते हैं, जो आंखों की रोशनी बनाए रखने में मदद करते हैं।
एक्सपर्ट की सलाह है कि भुने हुए पिस्ता को सुबह खाली पेट या नाश्ते में दूध के साथ लेना सबसे ज्यादा फायदेमंद होता है। आप इसे सलाद, दही या किसी भी स्नैक में मिलाकर भी खा सकते हैं। हालांकि, यदि आपको किसी प्रकार की एलर्जी है या किडनी से जुड़ी कोई समस्या है, तो पिस्ता खाने से पहले डॉक्टर से सलाह अवश्य लें।