क्या पीएम मोदी के अहमदाबाद दौरे को स्थानीय लोगों ने सराहा? 'भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर'
सारांश
मुख्य बातें
अहमदाबाद, २५ अगस्त (राष्ट्र प्रेस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गुजरात के अहमदाबाद में एक भव्य रोड शो किया, इसके पश्चात उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा, "मेरा सौभाग्य है कि आज मुझे विकास के अनेक प्रोजेक्ट्स आप सभी जनता जनार्दन के चरणों में समर्पित करने का सौभाग्य मिला है। मैं इन विकास कार्यों के लिए आप सभी को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।"
पीएम मोदी की जनसभा के लिए निकोल क्षेत्र के हर चौराहे पर एलईडी स्क्रीन लगाई गई थीं, जिन पर प्रधानमंत्री का भाषण और रोड शो का सीधा प्रसारण दिखाया गया।
मेवाड़ा पार्टी प्लॉट के पास मौजूद भीड़ ने एलईडी स्क्रीन के सामने खड़े होकर और बैठकर प्रधानमंत्री का भाषण सुनने में उत्साह व्यक्त किया।
स्थानीय निवासी गौतम पटेल ने कहा, "नरेंद्र मोदी देश के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। वे गुजरात और पूरे देश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में भारत के समग्र विकास, गुजरात की प्रगति और नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाओं पर जोर दिया।"
एक अन्य स्थानीय निवासी ने कहा, "प्रधानमंत्री ने अहमदाबाद को मेगा सिटी के रूप में विकसित करने की बात कही। उनकी स्वदेशी को बढ़ावा देने की अपील ने मुझे प्रभावित किया। यह हमारा कर्तव्य है कि हम स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें।"
एक अन्य व्यक्ति ने कहा, "प्रधानमंत्री का विजन भारत को आत्मनिर्भर और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का है। उनके नेतृत्व में हम नंबर एक तक पहुंच सकते हैं। गुजरात के लिए ५००० करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाएं इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।"
उन्होंने जीएसटी जैसे सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये कदम सरकार की आर्थिक नीतियों को मजबूत करते हैं।
प्रधानमंत्री के आगमन पर स्थानीय लोगों का उत्साह चरम पर था। एक व्यक्ति ने कहा, "वे हमारे पड़ोस में आए, यह हमारे लिए गर्व की बात है। हम दोपहर दो बजे से उनका इंतजार कर रहे थे। जब वे पहुंचे, तो हमने 'वोकल फॉर लोकल,' 'जय हिंद,' और 'वंदे मातरम' के नारे लगाए।"
एक अन्य व्यक्ति ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी का गुजरात आना हमारे लिए अविस्मरणीय पल है। हम उनके स्वागत में अभिभूत हैं।"