योगी सरकार का ऐतिहासिक कदम, आंबेडकर जयंती बनेगी सामाजिक न्याय का महापर्व

Click to start listening
योगी सरकार का ऐतिहासिक कदम, आंबेडकर जयंती बनेगी सामाजिक न्याय का महापर्व

सारांश

इस वर्ष आंबेडकर जयंती को उत्तर प्रदेश में विशेष उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी है। योगी सरकार ने इसे सामाजिक न्याय और जागरूकता का बड़ा अभियान बनाने का निर्णय लिया है।

Key Takeaways

  • आंबेडकर जयंती को सामाजिक न्याय का महापर्व बनाने की तैयारी।
  • जनप्रतिनिधियों की जनता के बीच पहुँच बढ़ाने का प्रयास।
  • मुख्य कार्यक्रम में बौद्ध भिक्षुओं द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
  • कार्यक्रमों में विचार गोष्ठियां और प्रतियोगिताएं शामिल।
  • सामाजिक न्याय के महानायकों के स्मारकों का विकास।

लखनऊ, १३ अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर प्रदेश में इस वर्ष आंबेडकर जयंती को विशेष उत्सव के रूप में मनाने की तैयारियाँ जोरशोर से चल रही हैं। योगी सरकार ने इसे केवल एक स्मृति दिवस नहीं बल्कि सामाजिक न्याय, जागरूकता और जनसंपर्क के व्यापक अभियान में बदलने का निर्णय लिया है।

प्रदेश के सभी जनपदों और विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें जनप्रतिनिधि सीधे जनता के बीच जाकर उनके अधिकारों, संविधान और समानता के मूल्यों की जानकारी देंगे।

हजरतगंज स्थित आंबेडकर महासभा परिसर में होने वाला मुख्य कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। महासभा ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य लालजी प्रसाद निर्मल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत बौद्ध भिक्षुओं द्वारा बाबा साहेब के अस्थिकलश पर पुष्पांजलि और बुद्ध वंदना के साथ होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

योगी सरकार की मंशा है कि बाबा साहेब के विचार - समानता, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जाए। इसी दिशा में यूपी के प्रत्येक जिले में भारतीय जनता पार्टी के सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि जनता के बीच जाकर उन्हें उनके संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करेंगे। इससे समाज में जागरूकता बढ़ेगी और लोकतंत्र की जड़ों को और मजबूती मिलेगी।

योगी सरकार ने आंबेडकर जयंती से पहले एक महत्वपूर्ण घोषणा भी की है। सीएम योगी ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश भर में स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमाओं पर छत्र लगाए जाएंगे, साथ ही बाउंड्री वॉल और सौंदर्यीकरण का कार्य भी कराया जाएगा। इस निर्णय को ऐतिहासिक कदम बताते हुए डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने कहा कि इससे दलित समाज और आंबेडकर अनुयायियों में खासा उत्साह है।

उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, विद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं में भी विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विचार गोष्ठियां, भाषण, निबंध प्रतियोगिताएं और वाद-विवाद शामिल हैं, जिनके माध्यम से नई पीढ़ी को बाबा साहेब के योगदान और उनके संघर्षों से परिचित कराया जाएगा। योगी सरकार की यह पहल स्पष्ट करती है कि वह सामाजिक समरसता और जनभागीदारी को प्राथमिकता दे रही है। १४ अप्रैल को पूरा प्रदेश ‘आंबेडकरमय’ नजर आएगा।

वहीं, समाज कल्याण विभाग के सभी कार्यालयों, विद्यालयों, छात्रावासों और संस्थाओं में भी आयोजन होंगे। विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में भी विशेष कार्यक्रम होंगे। इनमें बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा एवं चित्र पर माल्यार्पण, विचार गोष्ठियां, निबंध, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उनके जीवन, शिक्षाओं और संविधान निर्माण में योगदान पर विशेष चर्चा होगी।

सीएम योगी की अध्यक्षता में कैबिनेट डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना को मंजूरी दे चुकी है, जिसके तहत प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक न्याय के महानायकों के १०-१० स्मारकों और प्रतिमाओं का विकास एवं सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इस पर कुल ४०३ करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

इसके तहत बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, संत रविदास, कबीर, महात्मा ज्योतिबा फुले, महर्षि वाल्मीकि सहित अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं और स्मारकों का संरक्षण, सौंदर्यीकरण और आधारभूत विकास होगा।

Point of View

NationPress
17/04/2026

Frequently Asked Questions

आंबेडकर जयंती कब मनाई जाएगी?
आंबेडकर जयंती १४ अप्रैल को मनाई जाएगी।
योगी सरकार ने आंबेडकर जयंती को कैसे मनाने की योजना बनाई है?
योगी सरकार ने इसे सामाजिक न्याय, जागरूकता और जनसंपर्क के व्यापक अभियान में बदलने का निर्णय लिया है।
मुख्य कार्यक्रम कहाँ आयोजित होगा?
मुख्य कार्यक्रम हजरतगंज स्थित आंबेडकर महासभा परिसर में आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर कौन-कौन से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे?
इस अवसर पर विचार गोष्ठियां, भाषण, निबंध प्रतियोगिताएं और वाद-विवाद सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
योगी सरकार ने क्या विशेष घोषणाएँ की हैं?
योगी सरकार ने बाबा साहेब की प्रतिमाओं पर छत्र लगाने और सौंदर्यीकरण का कार्य कराने की घोषणा की है।
Nation Press