अमेलिया केर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ हैट्रिक के साथ बनाया नया रिकॉर्ड
सारांश
Key Takeaways
नई दिल्ली, ११ मार्च (राष्ट्र प्रेस)। न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया केर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ बुधवार को खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले में हैट्रिक अपने नाम की, जिससे वह हैट्रिक लेने वाली तीसरी कीवी महिला खिलाड़ी बन गई हैं। विश्व स्तर पर अब तक केवल १४ महिला खिलाड़ियों ने वनडे फॉर्मेट में यह अद्भुत उपलब्धि हासिल की है।
न्यूजीलैंड ने डुनेडिन में खेले गए इस मैच में ६ विकेट खोकर ३०३ रन बनाए। जवाब में, जिम्बाब्वे की टीम केवल १०३ रन पर सिमट गई। इस पारी में अमेलिया केर ने ३.१ ओवर गेंदबाजी करते हुए २२ रन देकर ५ विकेट चटकाए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
अमेलिया केर ने २४वें ओवर की दूसरी गेंद पर एडेल जिमुनु को बोल्ड किया। इसके बाद अगली गेंद पर उन्होंने ऑड्रे मजविशाया को पगबाधा आउट किया। ओवर की चौथी गेंद पर अमेलिया ने तेंदई मकुशा को बोल्ड कर अपनी हैट्रिक पूरी की।
न्यूजीलैंड की महिला टीम की तरफ से पहली हैट्रिक जूली हैरिस ने वेस्टइंडीज के खिलाफ २६ जुलाई १९९३ को ली थी। इसके बाद एमिली ड्रम ने ३ फरवरी १९९६ को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह कारनामा किया था।
अमेलिया केर इंग्लैंड की चार्ली डीन (२०२४ में साउथ अफ्रीका के खिलाफ) और साउथ अफ्रीका की क्लो ट्रायोन (२०२५ में श्रीलंका के खिलाफ) के साथ इस दशक में वनडे मैच में लगातार तीन गेंदों पर विकेट लेने वाली तीसरी महिला गेंदबाज बन गई हैं।
अमेलिया केर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ इस सीरीज में कुल १४० रन देकर १६ विकेट अपने नाम किए। सीरीज के पिछले मुकाबले में उन्होंने ३४ रन देकर ७ विकेट चटकाए थे, जबकि पहले मैच में उन्होंने ३५ रन देकर ४ विकेट हासिल किए थे।
न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे के बीच यह सीरीज आईसीसी विमेंस चैंपियनशिप का हिस्सा थी, जिसमें अफ्रीकी टीम को पहली बार ११ टीमों में से एक के रूप में प्रतियोगिता में शामिल किया गया था।