क्या बाबर आजम ने अपने नाबाद अर्धशतक से सिडनी सिक्सर्स को जीत दिलाई?
सारांश
मुख्य बातें
मेलबर्न, 1 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। बिग बैश लीग का 18वां मुकाबला मेलबर्न रेनेगेड्स और सिडनी सिक्सर्स के बीच गुरुवार को मार्वल स्टेडियम में आयोजित किया गया। बाबर आजम के नाबाद अर्धशतक के कारण सिडनी सिक्सर्स ने मेलबर्न को 6 विकेट से पराजित किया। मेलबर्न रेनेगेड्स ने सिडनी सिक्सर्स को जीत के लिए 165 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे सिडनी ने 5 गेंदें शेष रहते हासिल कर लिया।
सिडनी सिक्सर्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का चुनाव किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेलबर्न रेनेगेड्स ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 164 रन बनाए। मेलबर्न के लिए पारी की शुरुआत करने वाले जोश ब्राउन ने 19 गेंदों में 4 छक्कों और 3 चौकों की सहायता से 43 रन बनाए। इसके अलावा जेक-फ्रेजर-मैकगर्क ने 29 गेंदों पर 38 और हसन खान ने 29 गेंदों पर 39 रन की पारी खेली। ओलिवर पिक ने 13 रन बनाये।
सिडनी सिक्सर्स की ओर से सीन एबॉट ने 4 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट लिए। जेक एडवर्ड्स, बेन ड्वारशुईस, और हेडेन केर ने 2-2 विकेट लिए।
165 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिडनी सिक्सर्स के लिए बाबर आजम ने नाबाद 58 रन की मैच विजयी पारी खेली। 46 गेंदों की पारी में बाबर ने 4 चौके और 1 छक्का लगाया। बाबर आजम ने पहले विकेट के लिए डेनियल हग्स (30) के साथ 46, मोइजेज हेनरिक (28) के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 और जोएल डेविस (34) के साथ नाबाद 51 रन की साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई। जोएल डेविस की पारी भी महत्वपूर्ण रही, जिन्होंने मात्र 15 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 34 रन बनाए। सिडनी सिक्सर्स ने 19.1 ओवर में 4 विकेट पर 168 रन बनाकर मैच 6 विकेट से समाप्त किया।
मेलबर्न रेनेगेड्स की ओर से गुरिंदर संधु सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 23 रन देकर 2 विकेट लिए।
सीन एबॉट को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।