क्या बीबीएल में जैक-मैट की आंधी ने स्कॉर्चर्स को उड़ा दिया? ब्रिस्बेन की जोरदार जीत!
मुख्य बातें
ब्रिस्बेन, 19 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। ब्रिस्बेन हीट ने शुक्रवार को गाबा में हुए एक हाई स्कोरिंग मैच में अद्भुत जीत हासिल की। इस टीम ने विल्डरमुथ और मैट रेनेशॉ की शानदार शतकीय पारियों के सहारे बिग बैश लीग (बीबीएल) 2025 के छठे मैच में पर्थ स्कॉर्चर्स को 8 विकेट से हराया।
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी पर्थ स्कॉर्चर्स ने 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 257 का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस टीम ने महज 8 के स्कोर पर मिचेल मार्श (3) का विकेट खो दिया। इसके बाद कूपर कोनोली ने फिन एलन के साथ दूसरे विकेट के लिए 63 गेंदों में 142 रन की साझेदारी की।
कूपर ने 37 गेंदों में 6 छक्के और इतने ही चौकों की मदद से 77 रन बनाकर आउट हुए, जबकि एलन ने 38 गेंदों में 8 छक्कों और 3 चौकों के साथ 79 रन की पारी खेली। इनके अलावा, निक हॉब्सन ने 26 रन और आरोन हार्डी ने 23 रन का योगदान दिया।
विपक्षी टीम के लिए जैवियर बार्टलेट ने सबसे अधिक 2 विकेट लिए। इसके अलावा, शाहीन अफरीदी, जैक विल्डरमुथ, लियाम हैस्केट और मैथ्यू कुहनेमैन ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
विशाल स्कोर को देखते हुए फैंस को लगा कि स्कॉर्चर्स की जीत निश्चित है, लेकिन जैक विल्डरमुथ और मैट रेनेशॉ ने स्कॉर्चर्स के सपनों पर पानी फेरते हुए ब्रिस्बेन को एक गेंद शेष रहते जीत दिलाई।
टीम ने पहले ही गेंद पर कॉलिन मुनरो (0) का विकेट खो दिया। इसके बाद जैक विल्डरमुथ ने मैट रेनेशॉ के साथ 93 गेंदों में 211 रन की साझेदारी कर टीम को जीत की ओर बढ़ाया। मैट रेनेशॉ ने 51 गेंदों में 102 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 9 छक्के और 5 चौके शामिल थे।
इसके बाद जैक विल्डरमुथ ने मैक्स ब्रायंट के साथ तीसरे विकेट के लिए 44 रन की साझेदारी की। मैक्स 28 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए, जबकि जैक ने 54 गेंदों में 9 छक्कों और 5 चौकों के साथ 110 रन की नाबाद पारी खेली।
इस मुकाबले के साथ ब्रिस्बेन हीट (258/2) पुरुष बिग बैश लीग में सर्वाधिक रन बनाने वाली दूसरी टीम बन गई है, जबकि स्कॉर्चर्स (257/6) का नाम इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर है। यहां शीर्ष पर मेलबर्न स्टार्स है, जिसने 19 जनवरी 2022 को होबार्ट हरिकेंस के खिलाफ 2 विकेट खोकर 273 रन बनाए थे।