क्या भारत ने एशिया कप 2025 में टॉस जीतकर गेंदबाजी का सही निर्णय लिया?
सारांश
मुख्य बातें
दुबई, 28 सितंबर (राष्ट्र प्रेस)। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2025 के फाइनल में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का विकल्प चुना है। इस महत्वपूर्ण मैच में भारतीय टीम में तीन बदलाव किए गए हैं। यह ऐतिहासिक मुकाबला रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित हो रहा है।
हार्दिक पांड्या इस खिताबी मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं। हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह को भी बाहर रखा गया है। इनकी जगह जसप्रीत बुमराह, रिंकू सिंह और शिवम दुबे को मौका मिला है। पाकिस्तान ने अपनी टीम में कोई भी बदलाव नहीं किया है।
भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इस समय शानदार फॉर्म में हैं। इस युवा खिलाड़ी ने 51.50 की औसत से 309 रन बनाए हैं। अभिषेक ने सुपर-4 के तीन मुकाबलों में लगातार अर्धशतक लगाए हैं, जिससे टीम को उनसे काफी उम्मीदें हैं।
शुभमन गिल के साथ अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी भारत को मजबूत शुरुआत प्रदान कर सकती है। इसके अलावा, कप्तान सूर्यकुमार यादव पर बल्लेबाजी में काफी निर्भरता है। गेंदबाजी में कुलदीप यादव पाकिस्तानी टीम को मुश्किल में डाल सकते हैं।
भारत अब तक एशिया कप 2025 में अजेय रहा है। टीम ने यूएई के खिलाफ 9 विकेट से जीत के साथ ग्रुप स्टेज का शानदार आगाज किया। इसके बाद पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया और ओमान के खिलाफ 21 रन से मुकाबला जीता।
सुपर-4 में भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया। इसके बाद बांग्लादेश के खिलाफ 41 रन से जीत हासिल की, जबकि श्रीलंका के खिलाफ सुपर ओवर में जीत दर्ज की।
दूसरी ओर, पाकिस्तान ने ओमान के खिलाफ 93 रन से जीतने के बाद भारत के खिलाफ अगला मैच 7 विकेट से गंवा दिया। इसके बाद पाकिस्तान ने यूएई के खिलाफ 41 रन से जीत हासिल की।
सुपर-4 में पाकिस्तान को भारत के हाथों 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उसने श्रीलंका को 5 विकेट और बांग्लादेश को 11 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
भारत की प्लेइंग इलेवन : अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती।
पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन : साहिबजादा फरहान, फखर जमां, सईम अयूब, सलमान आगा (कप्तान), हुसैन तलत, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ और अबरार अहमद