डे-नाइट टेस्ट: एनाबेल सदरलैंड की शानदार शतकीय पारी, ऑस्ट्रेलिया ने भारत पर 125 रन की बढ़त बनाई
सारांश
Key Takeaways
- ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 323 रन बनाए।
- एनाबेल सदरलैंड ने 129 रन की शानदार पारी खेली।
- भारत की पहली पारी 198 रन पर समाप्त हुई।
- सायली सतघरे ने 4 विकेट लिए।
- डे-नाइट टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 125 रन की बढ़त बनाई।
पर्थ, 7 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारत के खिलाफ वाका ग्राउंड में चल रहे एकमात्र टेस्ट मैच में पहली पारी के आधार पर 125 रन की बढ़त प्राप्त कर ली है। मुकाबले के दूसरे दिन, ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज पहली पारी में 323 रन पर आउट हो गए।
टीम ने पहले 58 रन पर अपने 3 विकेट खो दिए थे। इसके बाद, एलिस पेरी और एनाबेल सदरलैंड के बीच चौथे विकेट के लिए 128 रन की साझेदारी हुई, जिसने स्कोर को 186 रन तक पहुंचाया।
एलिस पेरी ने 116 गेंदों में 1 छक्का और 10 चौके लगाकर 76 रन बनाए। इसके बाद, सदरलैंड ने बेथ मूनी के साथ मिलकर पांचवे विकेट के लिए 54 रन जोड़े, जिससे टीम का स्कोर 240 तक पहुंचा।
बेथ मूनी ने 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद, सदरलैंड ने 171 गेंदों में 17 चौकों की मदद से 129 रन की पारी खेली और टीम को महत्वपूर्ण बढ़त दिलाई। लूसी हैमिल्टन ने 23 रन और अलाना किंग ने 21 रन का योगदान दिया।
भारत की तरफ से सायली सतघरे ने 50 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए, जबकि क्रांति गौड़ और दीप्ति शर्मा ने 2-2 विकेट लिए। स्नेह राणा और शेफाली वर्मा ने 1-1 विकेट हासिल किए।
इससे पहले, भारतीय टीम पहली पारी में 198 रन पर आउट हो गई। जेमिमा रोड्रिगेज ने 84 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 52 रन बनाए, जबकि शेफाली वर्मा ने 35 और काश्वी गौतम ने 34 रन की नाबाद पारी खेली। मेज़बान टीम के लिए एनाबेल सदरलैंड ने 4 विकेट लिए, जबकि लूसी हैमिल्टन ने 3 विकेट चटकाए।
भारत ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टी20 सीरीज 2-1 से हारने के बाद वनडे सीरीज में 0-3 से भी मात खाई थी। अब दोनों टीमों की निगाहें इस डे-नाइट टेस्ट पर टिकी हुई हैं।