आईपीएल 2026: शुभमन गिल, वाशिंगटन सुंदर और जोस बटलर की शानदार पारियों से जीटी ने रखा 211 रन का लक्ष्य
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 8 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 14वें मैच में कप्तान शुभमन गिल, वाशिंगटन सुंदर और जोस बटलर की शानदार अर्धशतकीय पारियों के चलते गुजरात टाइटंस (जीटी) ने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ जीत के लिए 211 रन का लक्ष्य निर्धारित किया है।
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। इस टीम को पहले ही ओवर में साई सुदर्शन (12) के रूप में पहला झटका लगा। उस समय तक टीम के खाते में महज 19 रन जोड़े गए थे।
इसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने जोस बटलर के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 60 रन की साझेदारी की। बटलर ने 27 गेंदों में 5 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 52 रन बनाए।
इसके बाद कप्तान गिल ने वाशिंगटन सुंदर के साथ मिलकर 60 गेंदों में 104 रनों की साझेदारी की। कप्तान गिल 45 गेंदों में 5 छक्कों और 4 चौकों के साथ 70 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वाशिंगटन सुंदर ने 32 गेंदों में 2 छक्के और 6 चौके लगाते हुए 55 रन बनाए। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से मुकेश कुमार ने 2 विकेट लिए, जबकि लुंगी एनगिडी और कुलदीप यादव ने 1-1 विकेट हासिल किया।
इस मुकाबले के लिए डीसी ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है, जबकि जीटी ने एक बदलाव के साथ इस मैच में भाग लिया है। कप्तान गिल की वापसी के कारण कुमार कुशाग्र को बाहर बैठना पड़ा है।
दिल्ली कैपिटल्स इस मैच को जीतकर जीत की हैट्रिक लगाना चाहेगी। इस टीम ने लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ पहले मैच में 6 विकेट से जीत हासिल की थी। इसके बाद मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ भी इसी अंतर से जीत प्राप्त की थी।
वहीं, गुजरात टाइटंस को जीत का खाता खोलने की उम्मीद है। इस टीम को पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ 6 रन से मैच गंवाया।
गुजरात टाइटंस की प्लेइंग इलेवन: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कैगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, अशोक शर्मा।
दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नितीश राणा, विप्रज निगम, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, टी नटराजन, मुकेश कुमार।