आईपीएल 2026 में गिल-सुंदर की जोड़ी ने दिल्ली में बनाया अद्भुत रिकॉर्ड, बने 'नंबर-3'
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 8 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। गुजरात टाइटंस (जीटी) के कप्तान शुभमन गिल ने बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 14वें मैच में वाशिंगटन सुंदर के साथ तीसरे विकेट के लिए 60 गेंदों में 104 रन की साझेदारी की।
यह गुजरात टाइटंस के लिए तीसरे विकेट या उससे नीचे की क्रम में तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी रही। इस सूची में पहले स्थान पर जोस बटलर और शेरफेन रदरफोर्ड की जोड़ी है, जिन्होंने 2025 में अहमदाबाद में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 119 रन बनाए थे। वहीं, डेविड मिलर और हार्दिक पंड्या की जोड़ी ने 2022 के क्वालीफायर मैच में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ 106 रनों की साझेदारी की थी।
बुधवार को खेले गए इस मैच में इस साझेदारी के बल पर गुजरात टाइटंस ने निर्धारित ओवरों में 4 विकेट खोकर 210 रन बनाए। यह बाहर पहले बल्लेबाजी करने के दौरान जीटी का दूसरा 200+ का स्कोर है। पिछले साल जयपुर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ इस टीम ने 209/4 का स्कोर बनाया था। अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस ने 9 बार ऐसा किया है।
आईपीएल इतिहास में गुजरात टाइटंस ने कुल 18 बार (किसी भी पारी में) 200 का आंकड़ा पार किया है। इस दौरान 13 बार अहमदाबाद में, तीन बार दिल्ली में, और एक-एक बार जयपुर और मुल्लनपुर में यह कारनामा किया गया।
बुधवार को अरुण जेटली स्टेडियम में चल रहे इस मैच में गुजरात टाइटंस ने महज 2.1 ओवर में साई सुदर्शन के रूप में अपना पहला विकेट खो दिया। सुदर्शन ने टीम के लिए केवल 12 रन का योगदान दिया।
इसके बाद कप्तान गिल ने जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 60 रन बनाये। बटलर ने 27 गेंदों में 5 छक्कों और 2 चौकों के साथ 52 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद गिल ने वाशिंगटन सुंदर के साथ तीसरे विकेट के लिए 104 रन जोड़कर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।
गिल ने 45 गेंदों में 5 छक्कों और 4 चौकों के साथ 70 रन बनाकर आउट हुए, जबकि वाशिंगटन सुंदर ने 32 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 55 रन बनाए। विपक्षी टीम से मुकेश कुमार ने सबसे अधिक 2 विकेट लिए, जबकि लुंगी एनगिडी और कुलदीप यादव ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।