हार्दिक पांड्या की वापसी से मुंबई इंडियंस को मिली बड़ी राहत, राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलेंगे
सारांश
Key Takeaways
- हार्दिक पांड्या की वापसी से एमआई को मिलेगी मजबूती।
- दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार में उनकी कमी महसूस हुई।
- अब तक एमआई ने दो मैच खेले हैं, जिसमें से एक में जीत और एक में हार मिली है।
- गेंदबाजी में बुमराह और चाहर ने अच्छा प्रदर्शन किया।
- आरआर के खिलाफ मुकाबला महत्वपूर्ण होगा।
नई दिल्ली, 6 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। आईपीएल 2026 में मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ होने वाले मैच से पहले मुंबई इंडियंस (एमआई) के लिए एक अच्छी खबर आई है। टीम के नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या अब पूरी तरह से स्वस्थ हैं और वह आरआर के खिलाफ एमआई की प्लेइंग इलेवन में शामिल होंगे।
मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे ने हार्दिक पांड्या के स्वास्थ्य पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, "हार्दिक पांड्या मंगलवार के मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे। वह चोटिल नहीं थे, बल्कि उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। अब वह पूरी तरह से फिट और स्वस्थ हैं।"
हार्दिक का ठीक होना एमआई के लिए बेहद सकारात्मक खबर है, क्योंकि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में उनकी अनुपस्थिति से गेंदबाजी पर विपरीत प्रभाव पड़ा था।
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस ने अब तक दो मैच खेले हैं। पहले मैच में टीम ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हराया था। वहीं, दूसरे मैच में एमआई को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव के अलावा अन्य बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। सूर्यकुमार ने 36 गेंदों में 51 रन बनाए, जबकि रोहित ने 26 गेंदों में 35 रन की पारी खेली।
गेंदबाजी में शार्दुल ठाकुर और कॉर्बिन बॉश द्वारा दिए गए रन एमआई के लिए चिंता का विषय रहे। शार्दुल ने 3 ओवर में 41 रन खर्च किए और कोई विकेट नहीं लिया, जबकि बॉश ने 3.1 ओवर में 39 रन देकर केवल एक विकेट लिया। हालांकि, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, और मिचेल सैंटनर ने अच्छा प्रदर्शन किया। बुमराह ने 4 ओवर में केवल 21 रन दिए, दीपक ने 20 रन पर एक विकेट लिया, और सैंटनर ने 22 रन पर एक विकेट चटकाया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए, मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 162 रन बनाए। इसके जवाब में, दिल्ली कैपिटल्स ने 163 रन के लक्ष्य को केवल 18.1 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया।