एक बार फिर भारत बना विश्व चैंपियन: केदार जाधव की खुशी का क्षण
सारांश
मुख्य बातें
पुणे, 9 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम की शानदार जीत के बाद खिलाड़ियों की तारीफों का दौर शुरू हो गया है। पूर्व और मौजूदा क्रिकेटर्स टीम के प्रदर्शन की सराहना कर रहे हैं और जश्न मना रहे हैं।
भारत की इस जीत पर पूर्व क्रिकेटर केदार जाधव ने कहा, "यह सच में एक अत्यंत खुशी का क्षण है। आज पूरा भारत उत्सव मना रहा है और हर भारतीय गर्व से कह सकता है कि हम फिर से विश्व चैंपियन बन गए हैं। सबसे पहले, पूरी भारतीय टीम, कप्तान सूर्यकुमार यादव, मुख्य कोच गौतम गंभीर और आईसीसी अध्यक्ष जय शाह को भारत की ओर से हार्दिक बधाई।"
जाधव ने यह भी बताया कि उन्होंने भारत की जीत का जश्न अपने दोस्तों और परिजनों के साथ मिलकर आतिशबाजी कर मनाया। जब मैं भारत के लिए खेलता था, तो जीत के अगले दिन दोस्त फोन करके बताते थे कि जश्न में पुणे की गलियां जाम हो गई हैं और लोग तिरंगा लहरा रहे हैं। यह अनुभव मैं फिर से जीना चाहता था, इसलिए जैसे ही भारत जीता, मैंने दोस्तों के साथ सड़क पर जाकर जश्न मनाया और तिरंगा लहराया। एक बार फिर मैंने पुराने दिनों की याद ताजा की।
गौरतलब है कि केदार जाधव ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 73 वनडे और 9 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 52 पारियों में 2 शतक और 6 अर्धशतक लगाते हुए 1,389 रन बनाए। इसके अलावा, उन्होंने 27 विकेट भी लिए हैं। टी20 में उनकी 6 पारियों में 122 रन हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 58 रहा है।
जाधव ने 87 प्रथम श्रेणी मैचों में 17 शतक और 23 अर्धशतक लगाकर 6,100 रन बनाए हैं। उन्होंने 186 लिस्ट ए मैचों में 10 शतक के साथ 5,520 रन भी बनाए हैं। इसके अतिरिक्त, जाधव ने आईपीएल में भी भाग लिया है, जहां उन्होंने 95 मैचों में 81 पारियों में 1,208 रन बनाए हैं।