आईपीएल 2026: आयुष म्हात्रे ने एमए चिदंबरम में बने सबसे युवा अर्धशतकधारी
सारांश
मुख्य बातें
चेन्नई, 3 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। आईपीएल 2026 के सातवें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का मुकाबला शुक्रवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के साथ हुआ। इस मैच में सीएसके के बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अर्धशतक बनाया। आयुष ने एमए चिदंबरम के मैदान पर अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज का रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
आयुष ने 18 वर्ष 261 दिन की उम्र में इस उपलब्धि को हासिल किया। वह आईपीएल में 19 वर्ष की उम्र से पहले सबसे ज्यादा 50 से अधिक रनों की पारी खेलने के मामले में पृथ्वी शॉ के समकक्ष पहुँच गए हैं। आयुष ने अब तक आईपीएल में दूसरी बार पचास रनों का आंकड़ा पार किया है। पृथ्वी शॉ ने भी 19 वर्ष की उम्र से पहले 2 बार ऐसा किया था। इस सूची में वैभव सूर्यवंशी (3 पचास प्लस स्कोर) के साथ पहले स्थान पर हैं।
आयुष ने 43 गेंदों में 73 रनों की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 169 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 6 चौके और 5 छक्के लगाए। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी सीएसके की शुरुआत अच्छी नहीं रही। संजू सैमसन केवल 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि, आयुष ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ मिलकर टीम की पारी को संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 82 रन जोड़े। ऋतुराज ने 22 गेंदों में 28 रन बनाए। आयुष ने एक छोर संभालकर पारी को आगे बढ़ाया और पंजाब किंग्स के गेंदबाजों को नाकाम कर दिया।
सीएसके ने इस मैच के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। मैथ्यू शॉर्ट की जगह प्रशांत वीर को अंतिम ग्यारह में शामिल किया गया है। प्रशांत को सीएसके ने ऑक्शन में 14.20 करोड़ की बोली लगाते हुए खरीदा है। हालांकि, सीएसके की शुरुआत आईपीएल 2026 में अच्छी नहीं रही है। टीम को पहले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।