आईपीएल 2026: एलएसजी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का विकल्प चुना, केकेआर में नरेन की वापसी
सारांश
मुख्य बातें
कोलकाता, 9 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 15वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का निर्णय लिया है। इस मैच में मेज़बान टीम केकेआर जीत की तलाश में है।
एलएसजी की प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जो कि ऋषभ पंत की कप्तानी में खेल रही है। वहीं, केकेआर ने एक बदलाव किया है, जिसमें ब्लेसिंग मुजरबानी की जगह सुनील नरेन को शामिल किया गया है।
टॉस जीतने के बाद एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करना चाहेंगे। हम चाहते हैं कि विपक्षी टीम पहले बल्लेबाजी करे। हमें अपने गेंदबाजों पर भरोसा है, वे अपना काम अच्छे से करेंगे। निश्चित रूप से जीत से टीम का माहौल और बेहतर हो जाता है। हम उसी टीम के साथ खेल रहे हैं।"
वहीं, केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा, "हम भी गेंदबाजी करना चाहते थे। प्लेइंग इलेवन में सुनील (नरेन) शामिल हुए हैं। वरुण अभी भी अपनी चोट से उबर रहे हैं। जब कैमरून ग्रीन गेंदबाजी करते हैं, तो हमारे पास एक अतिरिक्त गेंदबाज होता है।"
कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस सीजन में अब तक 3 मैच खेले हैं। पहले मैच में मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करने के बाद, इसने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 65 रन से हराया। पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ मैच बारिश के कारण रद्द हो गया, जिससे दोनों टीमों को 1-1 अंक मिले। वर्तमान में यह टीम प्वाइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर है।
दूसरी ओर, एलएसजी ने 2 में से 1 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में 7वें स्थान पर है। इसने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ अपना पहला मैच 6 विकेट से गंवाया था, लेकिन फिर सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ 5 विकेट से जीतकर खाता खोला।
लखनऊ सुपर जाइंट्स की प्लेइंग इलेवन: मिशेल मार्श, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, एम सिद्धार्थ, अवेश खान, मोहम्मद शमी, दिग्वेश राठी और प्रिंस यादव।
कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन: फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी, रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, नवदीप सैनी और कार्तिक त्यागी।