आईपीएल 2026: एलएसजी का शर्मनाक रिकॉर्ड, डीसी के खिलाफ केवल 141 रन पर ऑलआउट
सारांश
Key Takeaways
- एलएसजी का आईपीएल 2026 में न्यूनतम स्कोर 141 रन है।
- कप्तान ऋषभ पंत का जल्दी आउट होना टीम के लिए एक बड़ा झटका था।
- दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया।
- यह एलएसजी के लिए एक चेतावनी है कि उन्हें अपनी बल्लेबाजी में सुधार करने की आवश्यकता है।
लखनऊ, 1 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की टीम ने बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पांचवें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ केवल 141 रन पर सिमट कर एक शर्मनाक रिकॉर्ड बनाया। यह आईपीएल के इतिहास में एलएसजी का पहली पारी में सबसे कम स्कोर है।
इकाना क्रिकेट स्टेडियम में टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स ने 18.4 ओवरों में 141 रन बनाए। इससे पहले, टीम ने आईपीएल 2022 में पंजाब किंग्स के खिलाफ पहली पारी में 153/8 का स्कोर बनाया था।
एलएसजी ने आईपीएल 2023 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 7 विकेट खोकर 154 रन बनाए थे, जबकि 2022 में इसने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 6 विकेट खोकर 158 रन बनाए थे। 2023 में पंजाब किंग्स के खिलाफ, एलएसजी ने 8 विकेट गंवाते हुए सिर्फ 159 रन बनाए थे।
बुधवार को खेले जा रहे इस मैच में एलएसजी को 19 के स्कोर पर कप्तान ऋषभ पंत (7) का विकेट गंवाना पड़ा। इसके बाद मिचेल मार्श (35) ने एडेन मार्करम के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 29 रन जोड़े, लेकिन मार्करम (11) के आउट होते ही टीम ने तेजी से विकेट गंवाए। स्थिति यह थी कि महज 71 रन पर एलएसजी ने 5 विकेट खो दिए थे।
इसके बाद अब्दुल समद ने मुकुल चौधरी के साथ छठे विकेट के लिए 34 रन और शाहबाज अहमद के साथ सातवें विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी की। समद ने 25 गेंदों में 36 रन बनाए और पवेलियन लौट गए। शाहबाज अहमद 15 रन बनाकर नाबाद रहे।
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से लुंगी एनगिडी और टी नटराजन ने 3-3 विकेट लिए। कुलदीप यादव ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि 1 विकेट कप्तान अक्षर पटेल के खाते में गया। दोनों टीमें इस मुकाबले के साथ आईपीएल 2026 में अपने अभियान की शुरुआत कर रही हैं, ऐसे में डीसी के खिलाफ एलएसजी जीतने की कोशिश करेगी।