आईपीएल 2026: एलएसजी ने डीसी के खिलाफ शर्मनाक तरीके से 141 पर ऑलआउट होकर बनाया नया रिकॉर्ड
सारांश
मुख्य बातें
लखनऊ, 1 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की टीम ने बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पांचवें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ सिर्फ 141 रनों पर ढेर हो गई। यह एलएसजी का पहली पारी में आईपीएल इतिहास में सबसे कम स्कोर है।
इकाना क्रिकेट स्टेडियम में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी एलएसजी ने 18.4 ओवर में 141 रन बनाकर अपनी पारी समाप्त की। इससे पहले, टीम ने आईपीएल 2022 में पंजाब किंग्स के खिलाफ पहली पारी में 153/8 का स्कोर बनाया था।
आईपीएल 2023 में एलएसजी ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 154 रन बनाए थे, जबकि 2022 में उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 158 रन का स्कोर बनाया था। साल 2023 में पंजाब किंग्स के खिलाफ उन्होंने 159 रन बनाए थे।
बुधवार को इस मैच में एलएसजी को कप्तान ऋषभ पंत (7) के रूप में जल्दी झटका लगा। इसके बाद मिचेल मार्श (35) ने एडेन मार्करम के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 29 रन जोड़े, लेकिन मार्करम (11) के आउट होने के बाद टीम ने तेजी से विकेट गंवाए। आलम यह रहा कि 71 रन तक एलएसजी ने 5 विकेट खो दिए थे।
इसके बाद अब्दुल समद ने मुकुल चौधरी के साथ छठे विकेट के लिए 34 रन और शाहबाज अहमद के साथ सातवें विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी की। समद ने 25 गेंदों में 36 रन बनाए। शाहबाज अहमद 15 रन बनाकर नाबाद रहे।
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से लुंगी एनगिडी और टी नटराजन ने 3-3 विकेट निकाले। कुलदीप यादव ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि अक्षर पटेल ने 1 विकेट लिया। दोनों टीमें इस मुकाबले के साथ आईपीएल 2026 में अपने अभियान की शुरुआत कर रही हैं। ऐसे में डीसी के खिलाफ एलएसजी जीत की कोशिश करेगी।