आईपीएल 2026: एलएसजी ने डीसी के खिलाफ बनाया शर्मनाक ऑलआउट रिकॉर्ड
सारांश
मुख्य बातें
लखनऊ, 1 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की टीम ने बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पांचवें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ केवल 141 रन पर ऑलआउट होकर एक नया शर्मनाक रिकॉर्ड बनाया। यह एलएसजी का पहली पारी में सबसे कम स्कोर है।
इकाना क्रिकेट स्टेडियम में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी एलएसजी की टीम 18.4 ओवरों में महज 141 रन पर सिमट गई। इससे पहले, टीम ने आईपीएल 2022 में पंजाब किंग्स के खिलाफ 153/8 का स्कोर बनाया था।
पिछले सत्र में, एलएसजी ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 7 विकेट पर 154 रन और गुजरात टाइटंस के खिलाफ 6 विकेट खोकर 158 रन बनाए थे। जबकि 2023 में पंजाब किंग्स के खिलाफ 8 विकेट गंवाकर 159 रन ही बना सकी थी।
बुधवार के मैच में, एलएसजी को 19 के स्कोर पर कप्तान ऋषभ पंत (7) के आउट होने का झटका लगा। इसके बाद मिचेल मार्श (35) ने एडेन मार्करम के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 29 रन जोड़े, लेकिन मार्करम (11) के आउट होते ही टीम ने तेजी से विकेट गंवाने शुरू कर दिए। 71 रन पर एलएसजी ने 5 विकेट खो दिए थे।
फिर अब्दुल समद ने मुकुल चौधरी के साथ छठे विकेट के लिए 34 रन, और शाहबाज अहमद के साथ सातवें विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी की। समद ने 25 गेंदों में 36 रन बनाए और शाहबाज अहमद 15 रन बनाकर नाबाद रहे।
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से लुंगी एनगिडी और टी नटराजन ने 3-3 विकेट लिए, जबकि कुलदीप यादव ने 2 विकेट और अक्षर पटेल ने 1 विकेट हासिल किया। दोनों टीमें इस मुकाबले के साथ आईपीएल 2026 में अपने अभियान की शुरुआत कर रही हैं। डीसी के खिलाफ एलएसजी जीतने की कोशिश में थी।