आईपीएल 2026: एनगिडी और नटराजन की जोड़ी ने मिलकर लिए 6 विकेट, एलएसजी महज 141 रन पर ऑलआउट
सारांश
मुख्य बातें
लखनऊ, 1 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पांचवे मैच में 142 रन का लक्ष्य दिया है। दोनों टीमें अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेंगी।
बुधवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स 18.4 ओवरों में 141 रन पर ऑलआउट हो गई।
इस टीम को कप्तान ऋषभ पंत के रूप में 19 के स्कोर पर पहला झटका
इसके बाद टीम ने तेजी से अपने विकेट खो दिए। आलम यह था कि 71 के स्कोर तक 5 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। मिचेल मार्श (35) का विकेट भी गिर चुका था।
यहां से मुकुल चौधरी ने अब्दुल समद के साथ छठे विकेट के लिए 34 रन की साझेदारी की, जिससे टीम शतक के पार पहुंची। मुकुल ने 14 रन का योगदान दिया, इसके बाद अब्दुल समद ने शाहबाज अहमद के साथ सातवें विकेट के लिए 33 रन जोड़े, जिससे एलएसजी सम्मानजनक स्कोर तक पहुँची।
अब्दुल समद ने 25 गेंदों में 36 रन बनाए और आउट हुए, जबकि शाहबाज अहमद 15 रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली कैपिटल्स के लिए लुंगी एनगिडी और टी नटराजन ने 3-3 विकेट लिए, जबकि कुलदीप यादव को 2 विकेट और अक्षर पटेल को 1 विकेट मिला।
ऋषभ पंत की कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स में एडेन मार्करम, मिशेल मार्श, निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मोहसिन खान, मोहम्मद शमी, एनरिक नॉर्टजे और प्रिंस यादव का समावेश था।
वहीं, दिल्ली कैपिटल्स अक्षर पटेल की कप्तानी में केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नितीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, विपराज निगम, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन और मुकेश कुमार के साथ इस मैच में खेल रही थी।