आईपीएल 2026: एनगिडी और नटराजन का शानदार प्रदर्शन, लखनऊ सुपर जायंट्स 141 पर सिमटी
सारांश
मुख्य बातें
लखनऊ, 1 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पांचवें मुकाबले में जीत के लिए 142 रन का लक्ष्य निर्धारित किया है। दोनों टीमों की नजरें जीत के साथ अपने सफर की शुरुआत पर होंगी।
बुधवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में टॉस हारकर बल्लेबाजी के लिए उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स केवल 18.4 ओवर में 141 रन पर ढेर हो गई।
इस टीम को कप्तान ऋषभ पंत के रूप में महज 19 के स्कोर पर पहला झटका लगा। पंत ने टीम के लिए केवल 7 रन का योगदान दिया। इसके बाद मार्श ने एडेन मार्करम के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 48 के स्कोर तक पहुँचाया।
इसके बाद, टीम ने तेजी से अपने विकेट गंवाए और 71 के स्कोर पर 5 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। मिचेल मार्श (35) का विकेट भी गिरा।
इस स्थिति से मुकुल चौधरी ने अब्दुल समद के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 34 रन की साझेदारी की और टीम को शतक के पार पहुँचाया। मुकुल ने 14 रन का योगदान दिया, इसके बाद अब्दुल समद ने शाहबाज अहमद के साथ सातवें विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी करते हुए एलएसजी को सम्मानजनक स्कोर तक पहुँचाया।
अब्दुल समद ने 25 गेंदों में 36 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शाहबाज अहमद 15 रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली कैपिटल्स के लिए लुंगी एनगिडी और टी नटराजन ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि कुलदीप यादव को 2 विकेट और अक्षर पटेल को 1 विकेट मिला।
ऋषभ पंत की कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स में एडेन मार्करम, मिशेल मार्श, निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मोहसिन खान, मोहम्मद शमी, एनरिक नॉर्टजे और प्रिंस यादव शामिल थे।
वहीं, दिल्ली कैपिटल्स ने अक्षर पटेल की कप्तानी में केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नितीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, विपराज निगम, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन और मुकेश कुमार के साथ इस मैच में भाग लिया।