आईपीएल 2026: एनगिडी और नटराजन ने मिलकर झटके 6 विकेट, लखनऊ सुपर जायंट्स 141 रन पर ऑलआउट
सारांश
मुख्य बातें
लखनऊ, 1 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पांचवें मुकाबले में 142 रन का लक्ष्य दिया है। दोनों टीमें अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेंगी।
बुधवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स 18.4 ओवर में मात्र 141 रन पर सिमट गई।
इस टीम को कप्तान ऋषभ पंत के रूप में केवल 19 के स्कोर पर पहला झटका लग गया। पंत ने टीम के लिए महज 7 रन का योगदान दिया। इसके बाद, मार्श ने एडेन मार्करम के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 48 के स्कोर तक पहुंचाया।
इसके बाद, टीम ने तेजी से अपने विकेट गंवाए। आलम यह रहा कि 71 के स्कोर तक 5 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। मिचेल मार्श (35) का विकेट भी गिर चुका था।
यहां से मुकुल चौधरी ने अब्दुल समद के साथ छठे विकेट के लिए 34 रन की साझेदारी करते हुए टीम को शतक के पार पहुंचाया। मुकुल ने टीम के खाते में 14 रन का योगदान दिया, जिसके बाद अब्दुल समद ने शाहबाज अहमद के साथ सातवें विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी के दौरान एलएसजी को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
अब्दुल समद ने 25 गेंदों में 36 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शाहबाज अहमद 15 रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली कैपिटल्स के लिए लुंगी एनगिडी और टी नटराजन ने 3-3 विकेट लिए, जबकि कुलदीप यादव को 2 और अक्षर पटेल को 1 विकेट मिला।
ऋषभ पंत की कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स में एडेन मार्करम, मिशेल मार्श, निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मोहसिन खान, मोहम्मद शमी, एनरिक नॉर्टजे और प्रिंस यादव शामिल थे।
वहीं, दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी अक्षर पटेल कर रहे हैं, जिसमें केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नितीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, विपराज निगम, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन और मुकेश कुमार शामिल हैं।