आईपीएल 2026 में निकोलस पूरन ने लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए बनाए सबसे अधिक रन
सारांश
मुख्य बातें
लखनऊ, 12 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की ओर से खेलते हुए निकोलस पूरन ने एक नया मील का पत्थर स्थापित किया है। पूरन इस फ्रेंचाइजी के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
निकोलस पूरन ने लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए अब तक कुल 1,422 रन बनाए हैं। इस मामले में उन्होंने केएल राहुल को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने टीम के लिए 1,410 रन बनाए थे।
आयुष बडोनी इस सूची में तीसरे स्थान पर पहुँच गए हैं, जिन्होंने कुल 1,038 रन बनाए हैं। वहीं, मार्कस स्टोइनिस ने 952 रन के साथ चौथा स्थान हासिल किया है, जबकि क्विंटन डी कॉक 901 रन के साथ पांचवे स्थान पर हैं।
रविवार को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में हुए इस मैच में, लखनऊ सुपर जायंट्स ने टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट खोकर 164 रन बनाए।
इस पारी में एडेन मार्करम ने 21 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ सर्वाधिक 30 रन बनाए, जबकि निकोलस पूरन ने 21 गेंदों में 2 चौकों के साथ 19 रन की पारी खेली। इसके अलावा, कप्तान ऋषभ पंत, अब्दुल समद और मुकुल चौधरी ने 18-18 रन का योगदान दिया।
विपक्षी टीम के प्रसिद्ध कृष्णा ने सर्वाधिक 4 विकेट चटकाए, जबकि अशोक शर्मा ने 2 विकेट निकाले। मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा ने 1-1 विकेट हासिल किया।
गुजरात टाइटंस ने 18.4 ओवर में 7 विकेट शेष रहते मैच जीत लिया। इस टीम के लिए कप्तान शुभमन गिल ने 40 गेंदों में 7 बाउंड्री के साथ 56 रन बनाए, जबकि जोस बटलर ने 37 गेंदों में 60 रन की पारी खेली। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी हुई। अंत में, वाशिंगटन सुंदर (नाबाद 21) ने राहुल तेवतिया (नाबाद 10) के साथ 30 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाई।