आईपीएल 2026: नीतीश-क्लासेन की अद्भुत साझेदारी, बना नया रिकॉर्ड
सारांश
मुख्य बातें
हैदराबाद, 5 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। आईपीएल 2026 के 10वें मैच में रविवार को राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के बीच मुकाबला हो रहा है। इस मैच में नीतीश कुमार रेड्डी और हेनरिक क्लासेन ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए अर्धशतकीय पारियां खेलीं। इन दोनों की जोड़ी ने एक महत्वपूर्ण रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
जब सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर 26 रनों पर 4 विकेट गिरने के बाद मुश्किल में था, तब नीतीश कुमार रेड्डी और हेनरिक क्लासेन ने पारी को संभालते हुए पांचवे विकेट के लिए 116 रनों की शानदार साझेदारी की। यह आईपीएल इतिहास में एसआरएच के द्वारा पांचवे विकेट या उससे नीचे के क्रम के बल्लेबाजों द्वारा की गई सबसे बड़ी साझेदारी है। क्लासेन ने 41 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की सहायता से 62 रन बनाये। वहीं, नीतीश ने 33 गेंदों में 56 रन बनाकर अपनी लय को बनाए रखा। नीतीश ने इस पारी में 3 चौके और 5 छक्के लगाए।
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। मोहम्मद शमी ने अभिषेक शर्मा को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। इसके बाद ट्रेविस हेड को भी शमी ने 7 रनों पर आउट किया। कप्तान ईशान किशन भी प्रिंस यादव की बेहतरीन गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। लियाम लिविंगस्टन ने 20 गेंदों में 14 रन बनाए। इसके बाद नीतीश और क्लासेन की जोड़ी ने मोर्चा संभाला और एक महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई।
हर्ष दुबे खाता भी नहीं खोल सके, जबकि शिवांग कुमार 5 रन बनाकर आउट हुए। हर्षल पटेल 4 रन बनाकर रनआउट हुए। क्लासेन और नीतीश की शानदार पारियों की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 156 रनों का स्कोर खड़ा किया। गेंदबाजी में लखनऊ सुपर जायंट्स के मोहम्मद शमी ने 4 ओवर में केवल 9 रन देकर 2 विकेट लिए। वहीं, प्रिंस यादव ने 34 रन देकर 2 विकेट निकाले। आवेश खान ने 4 ओवर में 36 रन देकर 2 विकेट झटके।