आरसीबी और एसआरएच का ऐतिहासिक मुकाबला: 549 रन, 38 छक्के और 43 चौके
सारांश
Key Takeaways
- आरसीबी और एसआरएच का मैच यादगार रहा।
- 549 रन बने, जिसमें 38 छक्के और 43 चौके शामिल थे।
- ट्रेविस हेड ने सर्वाधिक 102 रन बनाए।
- एसआरएच ने 287 रन बनाकर सबसे बड़ा स्कोर बनाया।
- आरसीबी ने 262 रन बनाकर मुकाबला खत्म किया।
नई दिल्ली, 26 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच होने वाले मुकाबले से की जाएगी। इन दोनों टीमों ने 15 अप्रैल 2024 को एक ऐतिहासिक मैच खेला था। उस दिन कुल 549 रन बने थे, जिसमें 38 छक्के और 43 चौके शामिल थे।
यह आईपीएल के इतिहास में एक ही मैच में दोनों टीमों द्वारा बनाए गए सबसे अधिक रन का रिकॉर्ड है। इस मैच में, एसआरएच ने 287/3 का स्कोर बनाया, जो किसी टीम द्वारा आईपीएल में बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर भी है। एसआरएच की पारी में 22 छक्के और 19 चौके लगे, जबकि आरसीबी ने 16 छक्के और 24 चौके लगाए। आइए, इस रोमांचक मुकाबले के बारे में और विस्तार से जानते हैं।
बेंगलुरु में खेले गए इस मैच में, सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट खोकर 287 रन बनाए। इस टीम को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की सलामी जोड़ी ने एक शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 8.1 ओवरों में 108 रन जोड़े।
अभिषेक 22 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद, ट्रेविस हेड ने हेनरिक क्लासेन के साथ दूसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 57 रन की साझेदारी की। हेड ने 41 गेंदों में 8 छक्के और 9 चौके102 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद क्लासेन ने एडेन मार्करम के साथ तीसरे विकेट के लिए 66 रन जोड़े।
क्लासेन ने 31 गेंदों में 7 छक्के और 2 चौके की मदद से 67 रन बनाए। मार्करम (नाबाद 32) ने अब्दुल समद (नाबाद 37) के साथ चौथे विकेट के लिए 56 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को विशाल स्कोर तक पहुँचाया। विपक्षी खेमे से लॉकी फर्ग्यूसन ने 2 विकेट लिए, जबकि रीस टॉपले ने 1 विकेट निकाला।
दूसरी पारी में आरसीबी 7 विकेट खोकर 262 रन ही बना सकी। टीम को विराट कोहली और कप्तान फाफ डुप्लेसिस की सलामी जोड़ी ने एक अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 6.2 ओवरों में 80 रन जोड़कर टीम को मजबूती दी।
कोहली 20 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद विकेटों की पतझड़ शुरू हो गई। आरसीबी ने 122 के स्कोर पर 5 विकेट खो दिए थे। इस बीच, फाफ डुप्लेसिस भी 62 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
इसके बाद, दिनेश कार्तिक ने 35 गेंदों में 7 छक्के और 5 चौके लगाकर 83 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। एसआरएच की तरफ से पैट कमिंस ने 3 विकेट लिए, जबकि मयंक मारकंडे ने 2 विकेट निकाले, और टी नटराजन ने 1 विकेट लिया।