आईपीएल 2026: आज एसआरएच और डीसी के बीच होने वाला मुकाबला, कौन रहेगा विजेता?
सारांश
मुख्य बातें
हैदराबाद, 21 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। आईपीएल 2026 का 31वां मैच आज मंगलवार को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होने जा रहा है। इस मुकाबले के रोमांचक होने की उम्मीद जताई जा रही है। दोनों टीमें अंकतालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।
इस सीजन में एसआरएच का प्रदर्शन मिलाजुला रहा है। टीम ने अब तक खेले गए 6 मैचों में से 3 में जीत हासिल की है और 3 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। वर्तमान में टीम अंकतालिका में चौथे स्थान पर है। एसआरएच ने अपने पिछले 2 मैच लगातार जीतकर अच्छे फॉर्म में वापसी की है, जिसमें राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को हराया है। ऐसे में डीसी के लिए यह मैच आसान नहीं होगा।
हैदराबाद के लिए सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, कप्तान ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन किया है। गेंदबाजी में युवा तेज गेंदबाज जैसे ईशान मलिंगा, प्रफुल्ल हिंगे, और साकिब हुसैन ने अपनी ताकत दिखाई है। नीतीश कुमार रेड्डी ने भी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में संतुलन बनाए रखा है। डीसी के खिलाफ इस मैच में इन खिलाड़ियों से अच्छा प्रदर्शन की उम्मीद है।
दूसरी ओर, डीसी ने 5 मैचों में से 3 में जीत के साथ 6 अंक हासिल कर लिए हैं और वर्तमान में अंकतालिका में पांचवें स्थान पर हैं। डीसी ने सीजन की शुरुआत में शानदार प्रदर्शन किया था और लगातार 2 मैच जीते थे, लेकिन इसके बाद टीम को 2 हार का सामना करना पड़ा। हाल ही में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 6 विकेट से हराकर डीसी ने जीत की पटरी पर वापस लौटने की कोशिश की है।
डीसी के लिए केएल राहुल, ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर ने बल्लेबाजी में निरंतरता दिखाई है। गेंदबाजी में लुंगी एंगिडी, टी. नटराजन, और मुकेश कुमार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। स्पिन में कुलदीप यादव ने भी अच्छा काम किया है। हालांकि, पाथुम निसांका और कप्तान अक्षर पटेल की असफलता एक चिंता का विषय है। डीसी को इस मैच में जीत के लिए एकजुट होकर खेलना होगा।
हैदराबाद में शाम का तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है और बारिश की संभावना नहीं है। हैदराबाद की पिच बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जाती है, लेकिन सटीक गेंदबाजी करने वाले गेंदबाजों को बल्लेबाजों को परेशानी में डालने का मौका मिलेगा।
अब तक एसआरएच और डीसी के बीच कुल 26 मैच खेले जा चुके हैं। इसमें से एसआरएच ने 13 मैच जीते हैं, जबकि डीसी ने 12 मैचों में जीत हासिल की है। एक मैच का परिणाम नहीं आया है।