जसप्रीत बुमराह बने टी20 वर्ल्ड कप में सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज
सारांश
Key Takeaways
- जसप्रीत बुमराह ने टी20 वर्ल्ड कप में सर्वाधिक विकेट का रिकॉर्ड बनाया।
- बुमराह ने 33 विकेट लेकर अश्विन का रिकॉर्ड तोड़ा।
- अर्शदीप सिंह ने भी 32 विकेट लेकर अश्विन की बराबरी की।
- साउथ अफ्रीका के खिलाफ बुमराह का प्रदर्शन शानदार रहा।
- भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप में मजबूत स्थिति बनाई है।
अहमदाबाद, 22 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने टी20 वर्ल्ड कप में सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बनने का गौरव हासिल किया है। बुमराह ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ रविवार को आयोजित टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मैच में 4 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट लिए। इस प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में कुल 33 विकेट हासिल कर लिए हैं।
जसप्रीत बुमराह ने 2016 से 2026 के बीच 22 टी20 मुकाबलों में 33 विकेट लिए हैं। इस दौरान उन्होंने पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2012 से 2022 के बीच 24 मैचों में 32 विकेट लिए थे।
इस श्रेणी में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने भी अश्विन की बराबरी की है, जिन्होंने 18 मैचों में 32 विकेट लिए हैं। वहीं, 2016 से लेकर अब तक हार्दिक पंड्या ने 29 मुकाबलों में 29 विकेट अपने नाम किए हैं, जबकि रवींद्र जडेजा ने 30 टी20 वर्ल्ड कप मैचों में 22 विकेट लिए हैं।
रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने वाली साउथ अफ्रीकी टीम ने 7 विकेट खोकर 187 रन बनाए। साउथ अफ्रीका ने 20 रन पर अपने 3 विकेट खो दिए थे। इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस ने डेविड मिलर के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 40 गेंदों में 97 रन की साझेदारी की।
ब्रेविस ने 39 गेंदों में 6 चौकों के साथ 45 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मिलर ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ पांचवें विकेट के लिए 35 रन जोड़े। मिलर ने 35 गेंदों में 3 छक्कों और 7 चौकों के साथ 63 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वहीं, स्टब्स ने 24 गेंदों में 44 रन की नाबाद पारी खेली।
भारत की ओर से बुमराह ने सबसे अधिक 3 विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह को 2 विकेट मिले। वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।