कायला रेनेके ने बनाई अनोखी पहचान, बनीं पहली महिला क्रिकेटर जो डेब्यू पर मिली 'प्लेयर ऑफ द मैच'
सारांश
Key Takeaways
- कायला रेनेके ने अनोखी उपलब्धि हासिल की।
- वे पहली महिला क्रिकेटर हैं, जिन्होंने डेब्यू पर 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब जीता।
- उन्होंने निर्णायक पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई।
- अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
- महिला क्रिकेट में तेजी से बदलाव आ रहा है।
क्राइस्टचर्च, 29 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। दक्षिण अफ्रीका की ऑलराउंडर कायला रेनेके ने एक अद्वितीय उपलब्धि अपने नाम की है। वह विभिन्न फॉर्मेट में डेब्यू पर 'प्लेयर ऑफ द मैच' का अवार्ड जीतने वाली पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं।
रेनेके ने रविवार को क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ हुए वनडे मैच में 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब जीतकर यह मील का पत्थर हासिल किया। 20 वर्षीय कायला ने इस साल की शुरुआत में पाकिस्तान के खिलाफ अपने टी20 डेब्यू पर भी इसी खिताब को अपने नाम किया था।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में, रेनेके पांचवीं क्रिकेटर बन गई हैं जिनके एक से अधिक फॉर्मेट में डेब्यू पर 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब है। इससे पहले यह उपलब्धि इलियास सनी (टेस्ट और टी20), मुस्तफिजुर रहमान (टेस्ट और वनडे), बेन फोक्स (वनडे और टेस्ट) और लुंगी एनगिडी (टेस्ट और टी20) ने प्राप्त की थी।
कायला ने दक्षिण अफ्रीका को न्यूजीलैंड के खिलाफ रोमांचक जीत दिलाई। जब दक्षिण अफ्रीका को अंतिम ओवर में जीत के लिए 14 रनों की आवश्यकता थी, कायला ने तुमी सेखुखुने के साथ संयम बनाए रखा। न्यूजीलैंड की ओर से इस स्कोर को बचाने की जिम्मेदारी सूजी बेट्स को सौंपी गई थी। कायला ने तीसरी गेंद पर छक्का लगाकर आखिरी तीन गेंदों में छह रन बनाने का समीकरण सरल कर दिया।
इसके बाद उन्होंने अंतिम गेंद पर 'लॉन्ग-ऑन' के ऊपर से बाउंड्री के पार पहुंचाकर दक्षिण अफ्रीका को जीत दिला दी। कायला ने 32 गेंदों में 42 रन बनाकर नाबाद रहीं, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल थे।
इससे पहले, न्यूजीलैंड की टीम 268 रनों पर ऑल आउट हो गई थी, जिसमें मैडी ग्रीन ने सबसे ज्यादा 85 रन बनाए। अमेलिया केर ने 36 और इजी गेज ने 37 रनों का योगदान दिया। दक्षिण अफ्रीका की अयाबोंगा खाका ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 56 रन देकर 6 विकेट लिए।
269 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 30/2 हो गया। इसके बाद एनेरी डर्कसेन (72) और सुने लुस (53) ने मिलकर 123 रनों की साझेदारी करके पारी को संभाला। नादिन डी क्लर्क ने भी 39 रनों का योगदान दिया, लेकिन कायला की अंतिम समय की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी ही जीत में निर्णायक साबित हुई।