ललित मोदी का आरोप: 'काला जादू' जैसी हरकतें की गईं
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 20 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। पूर्व चेयरमैन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) ललित मोदी ने एक वायरल पत्र को फर्जी करार दिया है, जिसमें आरोप लगाया गया था कि चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मैच के दौरान 'काला जादू' किया गया था।
यह मामला राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए एक मैच के वीडियो से शुरू हुआ, जिसमें एक प्रशंसक को 'नींबू का टोटका' करते हुए देखा गया था। यह तब हुआ जब चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाज शिवम दुबे, सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज साकिब हुसैन का सामना करने के लिए तैयार थे।
इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से एक कथित शिकायत पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसकी पुष्टि नहीं हुई है। ललित मोदी ने सोमवार को अपने 'एक्स' अकाउंट पर लिखा, "यह मामला इस बार फर्जी लगता है, लेकिन एक टीम का मालिक पहले इस तरह की प्रथा में शामिल रहा है।"
उन्होंने आगे कहा, "मुझे याद है कि मैंने एक बार किसी टीम के मालिक का वीडियो साझा किया था, जिसमें वह विपक्षी टीम के खिलाफ ऐसा कर रहा था। वह विपक्षी टीम के ड्रेसिंग रूम में जाकर यही हरकत कर रहा था। मैंने 2011 में इस घटना के समय ही विरोधी टीम के मालिकों को इस बारे में सतर्क कर दिया था, जब मुझे इसके पक्के सबूत मिले थे। मेरी टीम ने तय किया है कि मैं एक फिल्म या टीवी सीरीज के माध्यम से यह खुलासा करूंगा कि इस तरह की हरकतें किसने की थीं।"
फिलहाल, आईपीएल अधिकारियों या किसी भी फ्रेंचाइजी की ओर से पत्र की सत्यता या कथित घटना को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
18 अप्रैल को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 10 रन से जीत हासिल की थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 9 विकेट खोकर 194 रन बनाए। इस पारी में अभिषेक शर्मा और हेनरिक क्लासेन ने 59-59 रन की पारियां खेलीं। विपक्षी टीम से अंशुल कंबोज और जेमी ओवरटन ने 3-3 विकेट लिए।
इसके जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 184 रन ही बनाए। इस टीम के लिए मैथ्यू शॉर्ट ने 34 रन की पारी खेली, जबकि आयुष म्हात्रे ने 30 रन का योगदान दिया। सरफराज खान ने 25 रन बनाए। चेन्नई सुपर किंग्स अपना अगला मैच 23 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलेगी, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद 21 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स से मुकाबला करेगी।