क्या महिला प्रीमियर लीग 2026 का पहला मैच आज मुंबई इंडियंस और आरसीबी के बीच होगा?
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 9 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। महिला प्रीमियर लीग 2026 का शानदार आगाज आज से हो रहा है। पहला मुकाबला पिछली विजेता मुंबई इंडियंस (एमआई) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच खेला जाएगा। मैच से पहले एक भव्य ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा।
ओपनिंग सेरेमनी का आरंभ 6:45 बजे होगा। इस समारोह में यो यो हनी सिंह, जैकलीन फर्नांडिस और हरनाज संधू अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। हनी सिंह भारत में किसी स्पोर्ट्स इवेंट में पहली बार परफॉर्म करने जा रहे हैं।
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस और स्मृति मंधाना की अगुवाई में आरसीबी का यह मैच नवी मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में खेला जाएगा। टॉस 7 बजे होगा और मैच 7:30 बजे से शुरू होगा। दोनों टीमें नीलामी के बाद और भी मजबूत हो चुकी हैं और सीजन की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेंगी। ऐसे में इस मुकाबले से काफी रोमांच की उम्मीद है।
आप इस मुकाबले को टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। वहीं, मोबाइल पर भी जियोहॉटस्टार ऐप और उसकी वेबसाइट पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी।
महिला प्रीमियर लीग का यह चौथा सीजन है। अब तक एमआई और आरसीबी के बीच कुल 7 मैच खेले जा चुके हैं। जिनमें से एमआई ने 4 मैच जीते हैं, जबकि आरसीबी ने 3 मैचों में जीत हासिल की है।
पिछले 3 सीजन में, एमआई ने दो बार और आरसीबी ने एक बार खिताब जीता है। दिल्ली कैपिटल्स ने तीनों बार फाइनल खेला है लेकिन उपविजेता बनी है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम:
स्मृति मंधाना (कप्तान), जॉर्जिया वोल, गौतमी नाइक, ग्रेस हैरिस, ऋचा घोष (डब्ल्यू), नादिन डी क्लार्क, पूजा वस्त्रकार, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल, अरुंधति रेड्डी, लॉरेन बेल, कुमार प्रथ्योशा, सयाली सतघरे, प्रेमा रावत, दयालन हेमलता, लिन्से स्मिथ।
मुंबई इंडियंस टीम:
हेली मैथ्यूज, जी. कमालिनी (विकेटकीपर), नेट साइवर-ब्रंट, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), अमेलिया केर, अमनजोत कौर, सजीवन सजना, पूनम खेमनार, संस्कृति गुप्ता, शबनीम इस्माइल, त्रिवेणी वशिष्ठ, नल्ला रेड्डी, राहिला फिरदौस, मिल्ली इलिंगवर्थ, सैका इशाक, निकोला केरी।