पीएसएल में एक ही अंतरराष्ट्रीय टी20 खेलने वाले मार्नस लाबुशेन बने हैदराबाद किंग्समेन के कप्तान
सारांश
Key Takeaways
- मार्नस लाबुशेन को कप्तान नियुक्त किया गया है।
- उन्होंने केवल 1 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेला है।
- पीएसएल 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होगी।
- हैदराबाद किंग्समेन में कप्तानी का अनुभव कम था।
- जेसन गिलेस्पी टीम के हेड कोच हैं।
नई दिल्ली, 17 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में मार्नस लाबुशेन को हैदराबाद किंग्समेन फ्रेंचाइजी का कप्तान नियुक्त किया गया है। लाबुशेन इस साल पीएसएल में कप्तान बनने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर हैं। इससे पहले कराची किंग्स ने डेविड वॉर्नर और मुल्तान सुल्तांस ने एश्टन टर्नर को अपना कप्तान चुना था।
लाबुशेन टी20 सर्किट के नियमित खिलाड़ी नहीं हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए केवल 1 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेला है। लाबुशेन मुख्य रूप से टॉप-ऑर्डर के बल्लेबाज हैं, लेकिन वे ऑफ स्पिन या मीडियम पेस गेंदबाजी भी कर सकते हैं। उन्होंने 59 टी20 मुकाबलों में 40 विकेट निकाले हैं।
दाएं हाथ के इस खिलाड़ी ने बिग बैश लीग में 31 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 22.96 की औसत से 643 रन बनाए और 13 विकेट हासिल किए। वहीं, वाइटैलिटी ब्लास्ट में 27 मैच खेलकर उन्होंने 32 की औसत से 736 रन बनाए और 27 विकेट निकाले।
हैदराबाद किंग्समेन पाकिस्तान सुपर लीग में शामिल होने वाली दो नई टीमों में से एक है। किंग्समेन में कप्तानी के अनुभव वाले खिलाड़ियों की कमी थी, इस कारण किसी एक खिलाड़ी का नाम आगे नहीं था। ग्लेन मैक्सवेल, कुसल परेरा और सईम अयूब जैसे बड़े नाम भी टीम में शामिल थे, लेकिन अंततः लाबुशेन को कप्तानी सौंपी गई।
लाबुशेन अपने हमवतन जेसन गिलेस्पी के साथ मिलकर काम करेंगे, जिन्हें फ्रेंचाइजी का हेड कोच नियुक्त किया गया है। गिलेस्पी पहले पाकिस्तान के टेस्ट क्रिकेट के हेड कोच रह चुके हैं। ग्रांट ब्रैडबर्न को टीम का फील्डिंग कोच बनाया गया है।
पाकिस्तान सुपर लीग 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होगी, जिसमें हैदराबाद किंग्समेन का सामना लाहौर कलंदर्स से होगा। इसके बाद किंग्समेन 29 मार्च को क्वेटा ग्लैडिएटर्स के खिलाफ खेलेगी। 1 अप्रैल को उनका मुकाबला मुल्तान सुल्तांस से होगा। इसके बाद 8 अप्रैल को उनका सामना पेशावर जाल्मी से होगा। 11 अप्रैल को किंग्समेन की भिड़ंत कराची किंग्स से होगी। इस लीग का फाइनल 3 मई को लाहौर में खेला जाएगा।