आईपीएल 2026: शार्दुल ठाकुर की शानदार गेंदबाजी से मुंबई इंडियंस ने जीती पहली मैच
सारांश
Key Takeaways
- शार्दुल ठाकुर ने अपनी गेंदबाजी से मैच का रुख बदला।
- रोहित शर्मा ने तेज अर्धशतक लगाया।
- मुंबई इंडियंस ने 2012 के बाद से पहले मैच में जीत हासिल की।
- केकेआर ने 220 रन का अच्छा स्कोर बनाया।
- रयान रिकल्टन ने भी शानदार पारी खेली।
मुंबई, 29 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस (एमआई) ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार जीत के साथ की है। रोहित शर्मा और रयान रिकल्टन की दमदार पारियों के चलते एमआई ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 6 विकेट से हराया। इस जीत में शार्दुल ठाकुर की गेंदबाजी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब मिला।
मैच समाप्ति के बाद शार्दुल ठाकुर ने कहा, "छठे ओवर में गेंदबाजी करना एक चुनौती थी। मुझे चुनौतियाँ पसंद हैं। आज का प्रदर्शन भी कुछ ऐसा ही था। इस मैदान ने मुझे मीठी और कड़वी, दोनों तरह की यादें दी हैं। मुंबई के लिए खेलना मेरे लिए विशेष है। 2010 में मैं एक नेट बॉलर था, और अंततः वह दिन आया जब मैं अपनी घरेलू टीम, मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहा हूँ। अगर मैं यहीं बना रहूँ, तो मुझे सच में बहुत खुशी होगी। मैनेजमेंट से मुझे जो समर्थन मिला है, वह अद्भुत है।"
शार्दुल ठाकुर ने 4 ओवर में 39 रन देकर फिन एलन, अजिंक्य रहाणे और कैमरुन ग्रीन के 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए।
शार्दुल, जो मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं, 2015 से आईपीएल का हिस्सा हैं, लेकिन पहली बार उन्हें एमआई के लिए खेलने का मौका मिला और उन्होंने अपने पहले मैच में टीम को जीत दिलाई। 2012 के बाद से, यह पहली बार है जब एमआई ने किसी सीजन का पहला मुकाबला जीता है।
मैच की बात करें तो, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने 4 विकेट पर 220 रन बनाए। कप्तान रहाणे ने सबसे अधिक 67 रन की पारी खेली। इसके अतिरिक्त, अंगकृष रघुवंशी ने 29 गेंदों पर 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 51 रन बनाए। फिन एलेन ने 17 गेंदों पर 37 और रिंकू सिंह ने 21 गेंदों पर नाबाद 33 रन बनाये। कैमरुन ग्रीन ने 10 गेंदों में 18 रन बनाये।
मुंबई इंडियंस ने 19.1 ओवर में 4 विकेट पर 224 रन बनाकर मैच 6 विकेट से जीत लिया। एमआई के लिए रोहित शर्मा ने 38 गेंदों पर 6 चौके और 6 छक्के की मदद से 78 रन बनाये। इस दौरान रोहित ने 23 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की। आईपीएल में उनका यह सबसे तेज अर्धशतक है। रिकल्टन ने भी 43 गेंदों पर 8 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 81 रन की पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिए 11.5 ओवर में 148 रन की साझेदारी की।