क्या पाकिस्तान ने दूसरी बार अंडर 19 एशिया कप जीता?
सारांश
मुख्य बातें
दुबई, 21 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। अंडर 19 एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को 191 रन से हराकर दूसरी बार खिताब अपने नाम किया। इससे पहले, पाकिस्तान ने 2012 में भारत के साथ संयुक्त विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया था।
रविवार को आईसीसी एकेडमी ग्राउंड पर आयोजित इस हाईवोल्टेज मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया, लेकिन यह निर्णय टीम इंडिया के लिए महंगा साबित हुआ।
पाकिस्तान ने 50 ओवरों में 8 विकेट खोकर 347 रन का विशाल स्कोर बनाया। टीम ने 31 के स्कोर पर हमजा जहूर (18) का विकेट गंवाया। इसके बाद, समीर मिन्हास ने उस्मान खान के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 92 रन जोड़े, जिससे टीम 123 के स्कोर तक पहुँची। उस्मान ने 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
समीर मिन्हास ने अहमद हुसैन के साथ तीसरे विकेट के लिए 125 गेंदों में 137 रन जोड़कर पाकिस्तान को 260 के स्कोर तक पहुँचाया।
अहमद हुसैन ने 72 गेंदों में 56 रन बनाए, जबकि समीर ने 113 गेंदों में 9 छक्कों और 17 चौकों के साथ 172 रन की धमाकेदार पारी खेली।
भारत की ओर से दीपेश देवेंद्रन ने सबसे अधिक 3 विकेट लिए, जबकि हेनिल पटेल और खिलन पटेल ने 2-2 विकेट निकाले। कनिष्क चौहान ने भी एक विकेट अपने नाम किया।
इसके जवाब में, भारतीय टीम 26.2 ओवरों में महज 156 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम को कप्तान आयुष म्हात्रे के रूप में 32 के स्कोर पर पहला झटका लगा, जो सिर्फ 2 रन बना सके।
यहाँ से वैभव सूर्यवंशी ने भारत को संभालने की कोशिश की। वैभव ने 10 गेंदों में 3 छक्कों और 1 चौके की मदद से 26 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होते ही टीम विशाल लक्ष्य के सामने लड़खड़ा गई।
सूर्यवंशी के अलावा, खिलन पटेल ने 19 और अभिज्ञान कुंडू ने 13 रन का योगदान दिया। आरोन जॉर्ज ने 16 रन बनाए। दीपेश देवेंद्रन ने निचले क्रम पर संघर्ष करते हुए 16 गेंदों में 36 रन बनाए, लेकिन टीम इंडिया जीत के करीब भी नहीं पहुँच सकी।
पाकिस्तान की तरफ से अली रजा ने सबसे अधिक 4 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सैयान, अब्दुल सुभान और हुजैफा अहसान ने 2-2 विकेट निकाले।