क्या पाथुम निसांका के शतक से श्रीलंका ने बनाई बढ़त?
सारांश
मुख्य बातें
कोलंबो, 27 जून (राष्ट्र प्रेस)। कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में बांग्लादेश के खिलाफ खेली जा रही सीरीज के दूसरे और अंतिम टेस्ट के दूसरे दिन के खेल समाप्त होने तक, श्रीलंका ने पाथुम निसांका की 146 रनों की नाबाद शतकीय पारी के सहयोग से दो विकेट पर 290 रन बनाकर 43 रन की बढ़त हासिल कर ली है।
पहले टेस्ट में भी शतक लगाने वाले पाथुम निसांका ने इस टेस्ट में बांग्लादेशी गेंदबाजों को कड़ी चुनौती दी है। पारी की शुरुआत करने वाले निसांका ने 238 गेंदों में 18 चौके लगाकर 146 रन बनाए और नाबाद रहे।
निसांका ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में भी शतक बनाया था। उस पारी में उन्होंने 256 गेंदों में 23 चौके और एक छक्का लगाकर 187 रन की शानदार पारी खेली थी। उस समय वह दोहरे शतक का मौका चूक गए थे। शुक्रवार को जब दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन का खेल शुरू होगा, तो उनके पास एक और दोहरे शतक का अवसर होगा।
निसांका ने पहले विकेट के लिए लाहिरू उडारा (40 रन) के साथ 88 रन की साझेदारी की। इसके बाद, उन्होंने दिनेश चांदीमल के साथ दूसरे विकेट के लिए 194 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। जब टीम का स्कोर 282 रन था, तब चांदीमल 153 गेंद पर 10 चौके और एक छक्के की मदद से 93 रन बनाकर आउट हुए। प्रबाथ जयसूर्या पांच रन पर नाबाद हैं।
बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, और उनकी पूरी टीम 247 रन पर ऑल आउट हो गई। बांग्लादेश के लिए शादामन इस्लाम ने 46, मुशफिकुर रहीम ने 35, लिटन दास ने 34 और ताइजुल इस्लाम ने 33 रन बनाए। श्रीलंका के लिए असिथा फर्नांडो और सोनल दिनुशा ने तीन-तीन, जबकि विश्वा फर्नांडो ने दो विकेट लिए।