क्या राज चौधरी ने त्रिपुरा के खिलाफ 9 विकेट लेकर रेलवे को जीत दिलाई?
सारांश
Key Takeaways
नई दिल्ली, 18 नवंबर (राष्ट्र प्रेस)। रेलवे ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 के एलीट ग्रुप-सी मुकाबले में त्रिपुरा के खिलाफ पारी और 117 रन से शानदार जीत हासिल की। इस मैच में राज चौधरी ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए कुल 9 विकेट अपने नाम किए, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब भी मिला।
वलसाड स्थित सरदार वल्लभाई पटेल स्टेडियम में हुए इस मैच में त्रिपुरा की टीम पहले बल्लेबाजी करती हुई केवल 136 रन पर सिमट गई। इस पारी में बाबुल डे ने 42 रन और विजय शंकर ने नाबाद 44 रन बनाकर टीम का स्कोर बढ़ाया।
रेलवे की ओर से राज चौधरी ने 9 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट लिए। इसके अलावा, कुणाल यादव और आदर्श सिंह ने 2-2 विकेट निकाले।
इसके जवाब में, रेलवे ने अपनी पहली पारी में 9 विकेट पर 446 रन बनाए। इस पारी में मोहम्मद सैफ ने 15 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 158 रन बनाए, जबकि भार्गव मेराई ने 26 चौकों के साथ 160 रन जुटाए। कुश मराठे ने भी 78 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। त्रिपुरा के लिए अभिजीत सरकार ने 4 विकेट चटकाए।
रेलवे को पहली पारी के आधार पर 310 रन की बढ़त मिली, जिसका असर त्रिपुरा की दूसरी पारी पर देखने को मिला। त्रिपुरा केवल 193 रन पर ही सिमट गई। इस पारी में त्रिपुरा ने अपने पहले 5 विकेट महज 82 रन पर गंवा दिए। स्वप्निल सिंह ने सेंतु सरकार के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 72 गेंदों में 57 रन जोड़े, लेकिन इस साझेदारी के टूटने के बाद टीम फिर से बिखर गई।
त्रिपुरा के लिए इस पारी में बाबुल डे ने 37, स्वप्निल सिंह ने 41 और सेंतु सरकार ने 30 रन बनाए। राज चौधरी ने 22.3 ओवर में महज 35 रन देकर 5 विकेट लिए, वहीं शिवम चौधरी को 3 सफलताएँ मिलीं।